बिहार : सीएम नीतीश कुमार समेत तमाम नेताओं ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जन्मदिन की बधाई दी

पटना, 16 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सम्राट चौधरी के जन्मदिन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और तमाम बड़े नेताओं ने सम्राट चौधरी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सम्राट चौधरी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने लिखा, “सम्राट चौधरी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना है।”
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लिखा, “बिहार के लोकप्रिय उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की कामना करता हूं।”
बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने सम्राट चौधरी को जन्मदिन की बधाई दी। साथ ही बिहार में उनके नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने लिखा, “बिहार के माननीय, कर्मठ एवं जनप्रिय उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में राज्य के विकास, सुशासन और जनसेवा की नई ऊर्जा निरंतर आगे बढ़ रही है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि वे आपको स्वस्थ, दीर्घायु तथा जनकल्याण के मार्ग पर सदैव समर्थ बनाए रखें। आपका मार्गदर्शन बिहार की प्रगति का आधार रहे, यही शुभकामना है।”
हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आए हैं, जिसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 200 से अधिक सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है। गठबंधन में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। बिहार चुनाव में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी भारी वोटों से जीत दर्ज की है।
चौधरी ने तारापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इस दौरान उन्होंने अपने निकट प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी को 45,000 से अधिक वोटों से हराया। सम्राट चौधरी को 122,480 वोट मिले, जबकि राजद प्रत्याशी अरुण कुमार को 76,637 वोट प्राप्त हुए।
बता दें कि बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से भाजपा को सर्वाधिक 89 सीट मिली। जदयू दूसरे नंबर की पार्टी रही, जिसके खाते में 85 सीट गई। प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद को 25 जबकि लोजपा (आर) को 19 सीट मिली। वहीं कांग्रेस के खाते में मात्र 6 सीट गई।
–आईएएनएस
एससीएच/एएस