प्रदेश के विभिन्न अंचलों के कलाकार दल लखनऊ से गुजरात के लिए रवाना, दिखाएंगे ‘विविधता में एकता’ की अनूठी झलक


लखनऊ, 10 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि और लोकपरंपरा का भव्य प्रदर्शन अब भारत पर्व 2025 में दिखाई देगा। लखनऊ से सोमवार को संस्कृति विभाग द्वारा चयनित प्रदेश के विभिन्न अंचलों के कलाकारों का दल ‘उन्नत संस्कृति, समग्र विकास’ की झलक पेश करने के लिए गुजरात के केवड़िया रवाना हुआ। इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दल को शुभकामनाओं सहित रवाना किया।

जयवीर सिंह ने कहा कि भारत पर्व 2025 में उत्तर प्रदेश की भागीदारी हमारे राज्य की सांस्कृतिक विविधता, लोकजीवन और कलात्मक गौरव को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर है। उन्नत संस्कृति ही समग्र विकास का आधार है, और यह पहल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को और सशक्त बनाएगी।

केवड़िया रवाना होने से पूर्व उत्साहित कलाकारों ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश की लोकसंगीत, नृत्य और लोकपरंपराओं को देश के समक्ष प्रस्तुत करने को लेकर गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उन्हें यह अवसर प्रदान किया।

संस्कृति मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक पुनर्जागरण के स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री की दृष्टि रही है कि प्रदेश की लोककला, संगीत और नृत्य केवल सीमित मंचों तक न रहें, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करें। उत्तर प्रदेश का यह सांस्कृतिक दल भारत पर्व में लोक, जनजातीय और शास्त्रीय कलाओं का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा।

इसमें ब्रज, अवध, बुंदेलखंड, पूर्वांचल और जनजातीय अंचलों से आए श्रेष्ठ कलाकार शामिल हैं, जो अपनी विशिष्ट क्षेत्रीय कला को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगे। नृत्य, संगीत और लोकवाद्य की लयात्मक प्रस्तुतियों से यह दल न केवल उत्तर प्रदेश की आत्मा को दर्शाएगा, बल्कि विविधता में एकता के संदेश को भी सशक्त रूप में प्रस्तुत करेगा। भारत पर्व में यह प्रस्तुति उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास की यात्रा को एक साथ उजागर करेगी।

–आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी


Show More
Back to top button