वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे, अग्निमित्रा बोलीं- यह बंगाल के लिए गौरव की बात

कोलकाता, 7 नवंबर (आईएएनएस)। देशभर में ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव शुक्रवार को पूरे जोश और गर्व के साथ मनाया गया। इस दौरान भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यह बंगाल के लिए गौरव की बात है।
भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आज देश वंदे मातरम का 150वां वर्ष मना रहा है। वंदे मातरम भारत की आत्मा है, और हमें गर्व है कि इसे हमारे बंगाली लेखक बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने लिखा था। आज भारत के हर कोने में लोग इस गौरव को मना रहे हैं। यह बंगाल के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का अजीब स्वभाव है। जो देश, बंगाल और बंगाली के हित में होता है, वह उन्हें सहन नहीं होता। वंदे मातरम को लेकर जब देशभर में चर्चा हो रही है तो उन्होंने हर स्कूल में ‘बांग्लार माटी, बांग्लार जल’ का गाना शुरू करवा दिया है। यह कैसी मानसिकता है? इस तरह की नकारात्मक और निम्न स्तर की राजनीति पर शर्म आनी चाहिए।
इसी अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि मैंने उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत के साथ केंद्रीय विद्यालय पीएमसी में कार्यक्रम में भाग लिया, जहां बच्चों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ का गायन किया। यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है, और खासकर बंगाल के लिए गौरव का विषय है, क्योंकि वंदे मातरम बंगाल की धरती की देन है।
उन्होंने आगे कहा, “यह गीत बंगला संस्कृति और भारत की एकता दोनों का प्रतीक है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लाखों देशवासियों को प्रेरित किया।”
इस बीच, कांग्रेस प्रवक्ता अभय दुबे ने पीएम मोदी पर टिप्पणी करते हुए कहा, “जब भारत ब्रिटेन की जंजीरों में जकड़ा हुआ था, तब अगर आपकी विचारधारा या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कभी ‘वंदे मातरम’ का नारा लगाया होता तो आपके लोग स्वतंत्रता सेनानी कहलाते।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आज देशभक्ति की भावना को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है, जबकि ‘वंदे मातरम’ का अर्थ पूरे देश की एकता और त्याग की भावना से जुड़ा है।
–आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी