तमिलनाडु : एच राजा ने करूर हादसा पर जताया दुख, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

चेन्नई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य एच. राजा ने शुक्रवार को करूर हादसे को लेकर तीखा हमला किया। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की।
एच. राजा ने पत्रकारों से बात करते हुए करूर हादसे पर दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा, “यह तमिलनाडु की बड़ी समस्या दर्शाता है। सरकार ने निजी आयोग गठित किया, लेकिन अगर कार्रवाई कर सकती है तो आयोग क्यों? पिछले चार सालों से तानाशाही चल रही है।”
उन्होंने राज्य सरकार की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह स्वागतयोग्य हो सकता है, लेकिन अलग राय रखने वालों को दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “मैं सड़क पर उतरने को तैयार हूं। करूर में प्रशासन का हाल देखिए, पानी की शिकायत पर पार्षद पिटाई कराते हैं, पुलिस एफआईआर नहीं दर्ज करती।”
राजा ने मुख्यमंत्री स्टालिन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कल्लाकुरिची के पास घटना हुई, लेकिन स्टालिन करूर क्यों गए?” विजय के देर से पहुंचने पर कहा, “4 घंटे की देरी अपराध नहीं, लेकिन जगह चुनना गलत था। एमजीआर 36 घंटे देर से आते तो भी लोग देखते थे।”
दरअसल, 27 सितंबर को अभिनेता से नेता बने विजय की तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) की रैली में भगदड़ मचने से 41 लोगों की मौत हो गई, जिसमें 18 महिलाएं, 13 पुरुष और 10 बच्चे शामिल हैं। 100 से अधिक घायल हैं।
–आईएएनएस
एससीएच/एबीएम