हरियाणा सीएम सैनी ने पीएम मोदी से की मुलाकात, कहा- उनके मार्गदर्शन में प्रगति कर रहा हरियाणा


नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। उन्होंने प्रधानमंत्री को मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट कर महानवमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन में हरियाणा प्रगति पथ पर अग्रसर है और निरंतर विकास के नए आयाम छू रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से सार्थक मुलाकात हुई है। प्रधानमंत्री ने हरियाणा प्रदेशवासियों को नवरात्रि और विजयदशमी के लिए विशेष बधाई दी है। कुछ कार्यों को लेकर भी प्रधानमंत्री से बात हुई है। हरियाणा प्रदेश में विकास के कार्य चल रहे हैं, जो हमने कार्य किए हैं, उसकी भी हमने चर्चा की है।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि बाढ़ की वजह से कई घरों में पानी घुसने से नुकसान हुआ है। इसलिए 4,500 करोड़ रुपए भी दिए गए हैं। जो प्रभावित किसान हैं, जिनकी फसलें बर्बाद हुई हैं, उनका हम समीक्षा कर रहे हैं, और जिन किसानों की फसलें 50 फीसदी बर्बाद हुई हैं, उनके बिजली बिल फिलहाल के लिए माफ कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जिन किसानों से 1 अक्टूबर से फसल खरीदना था उनसे हम लोगों ने 22 सितंबर से ही खरीदना शुरू कर दिया है और अब तक किसानों के खाते में 107 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “मैं देश के प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहता हूं। पिछले 11 सालों में प्रधानमंत्री ने किसानों की फसलों का एमएसपी लगातार बढ़ाया है। वहीं कांग्रेस पार्टी झूठे दावे करती रहती है कि प्रधानमंत्री एमएसपी बंद कर रहे हैं। इस तरह के झूठ से कांग्रेस की छवि खराब होती है। लेकिन, कांग्रेस क्या करे? अगर वे झूठ न बोलें तो राजनीतिक रूप से टिक नहीं पाएंगे।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम कोई समझौता नहीं करने वाले हैं और यह पहले भी होता था कि अगर कोई गलत काम करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

–आईएएनएस

एसएके/एबीएम


Show More
Back to top button