रानी रेवती देवी के पूर्व छात्र आलोक सिंह बने एसडीएम

रानी रेवती देवी के पूर्व छात्र आलोक सिंह बने एसडीएम

प्रयागराज। विद्या भारती से सम्बद्ध काशी प्रांत के रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, राजापुर के 2011 बैच के इंटरमीडिएट पास आउट पीसीएस में चयनित आलोक सिंह का चयन उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के पद पर हुआ। शनिवार को प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय ने आलोक को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्रम एवं माल्यार्पण करके तथा मिठाई खिलाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। आलोक की इस सफलता पर विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।

विद्यालय के संगीताचार्य एवं मीडिया प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि आलोक सिंह ने एसडीएम की सूची में 13वी रैंक हासिल की है। इन्होंने आईआईटी गांधीनगर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद भारत पेट्रोलियम मुम्बई में भी 2016 से 2020 तक अपनी सेवाएं दी। इसके बाद उन्होंने वहां से त्यागपत्र देकर पीसीएस की तैयारी शुरू कर दी। जिसमें इनको सफलता हाथ लगी और 13वी रैंक प्राप्त करने के पश्चात इनका चयन एसडीएम के पद पर हुआ। सबसे बड़ी प्रसन्नता की बात यह है कि एक मई 2023 को आलोक सिंह का आईएएस के पद के लिए भी इंटरव्यू है। आलोक सिंह के पिता प्रभाकर सिंह इसी जनवरी 2023 में कानूनगो के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। इनकी माताजी गृहणी हैं। छोटी बहन एमएनसी बेंगलुरु में सेवाएं दे रही हैं तथा बड़ी बहन ने बीएचयू से बीएससी नर्सिंग किया है।
प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय ने भैया-बहनों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आलोक सिंह से हम सभी भैया-बहनों को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने भैया आलोक सिंह को बहुत-बहुत शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि आपकी सफलता से विद्यालय का मान बढ़ा है। अंत में आलोक सिंह ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आपको पढ़ाई की टिप्स जाननी है तो ग्रुप में हमसे बात कर सकते हैं। हमारे ग्रुप से जुड़िए हम आप को प्रेरित करते रहेंगे सफलता के लिए मेहनत बहुत जरूरी होती है। इसलिए सभी भैया-बहन मेहनत से कभी ना घबराए और विद्यालय में होने वाली सभी शिक्षणेत्तर क्रियाकलापों में बढ़-चढ़ कर भाग लें इससे मानसिक विकास होता है। आप सबको जब भी जरूरत होगी, मैं विद्यालय में उपस्थित हो जाऊंगा। आलोक सिंह की सफलता पर विद्यालय के समस्त अध्यापक-अध्यापिकाएं, छात्र-छात्राएं कर्मचारीगण तथा प्रबंध समिति ने प्रसन्नता व्यक्त की।

E-Magazine