पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर 10 लाख पेड़ों का 'नमो वन' समर्पित : सीएम भूपेंद्र पटेल


मोरबी, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर गुजरात के मोरबी शहर के मोरबी बांध के पास 10 लाख पेड़ों से तैयार ‘नमो वन’ का बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उद्घाटन किया। इस पर्यावरणीय परियोजना का आयोजन गुजरात सरकार के वन विभाग, मोरबी पांजरा पोल ट्रस्ट और सद्भावना ओल्ड एज होम के सहयोग से किया गया।

‘नमो वन’ को जोधपुर नदी के किनारे बसाया गया है, जो आने वाले समय में हरियाली और ऑक्सीजन का एक बड़ा स्रोत बनेगा।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर मोरबी से सबसे बड़ी और अनोखी शुभकामनाएं दी गई हैं। ग्लोबल वार्मिंग पर चर्चा तो हर कोई करता है, लेकिन इसका समाधान सिर्फ बातों से नहीं, पेड़ों से होगा। गुजरात हरित क्षेत्र के मामले में देश में पहले स्थान पर है और इसे और बढ़ाने के लिए सरकार जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी।”

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कोविड काल ने सभी को पर्यावरण और ऑक्सीजन की असली अहमियत समझा दी है। बदलते मौसम और बारिश के असंतुलन के पीछे ग्लोबल वार्मिंग की भूमिका है। ऐसे में वर्षा जल संचयन और हरित पट्टी को बढ़ावा देना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।

सरकार ने इसके लिए ‘कैच द रेन’ अभियान के अंतर्गत गुजरात के सभी विधायकों को 50 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि भी उपलब्ध कराई है ताकि वर्षा जल संरक्षण के कामों को तेजी से किया जा सके।

इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी और कहा कि यह कार्य प्रकृति की सेवा का बेहतरीन उदाहरण है।

सीएम भूपेंद्र पटेल ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “गुजरात सरकार के वन विभाग ने मोरबी पंजरापोल ट्रस्ट और सद्भावना वृद्धाश्रम के साथ मिलकर जोधपुर नदी के किनारे तैयार किए गए भारत के सबसे बड़े 10 लाख वृक्षारोपण अभियान का उद्घाटन किया है। यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि इस पर्यावरण संरक्षण परियोजना का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर हुआ। इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया। इस प्रकृति सेवा कार्य से जुड़े सभी लोगों को बधाई।”

–आईएएनएस

वीकेयू/डीकेपी


Show More
Back to top button