सोने में गिरावट पर लगा ब्रेक, कीमतें फिर 99,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के पार

नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। सोने और चांदी की कीमत में लगातार पांच दिन की गिरावट के बाद गुरुवार को तेजी देखी गई। इस कारण सोने की कीमत एक बार फिर से 99,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के पार चली गई है। वहीं, चांदी का दाम भी 1.12 लाख रुपए प्रति किलो से अधिक हो गया है।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) की ओर से शाम को जारी की गई कीमतों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 24 कैरेट सोने का दाम 201 रुपए बढ़कर 99,147 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 98,946 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था।
वहीं, 22 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 90,819 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है। 18 कैरेट सोने का दाम बढ़कर 74,360 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है।
सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी बढ़त देखी गई। बीते 24 घंटे में चांदी का दाम 1,496 रुपए बढ़कर 1,12,690 रुपए प्रति किलो हो गया है।
आईबीजेए की ओर दिन में दो बार हाजिर बाजार में सोने और चांदी की कीमतें जारी की जाती है।
एमसीएक्स पर भी सोने और चांदी की कीमतों में मिलाजुला कारोबार हुआ। गोल्ड के 03 अक्टूबर, 2025 के कॉन्ट्रैक्ट का दाम 0.04 प्रतिशत गिरकर 99,263 रुपए पर था। वहीं, चांदी के 05 सितंबर, 2025 के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 0.05 प्रतिशत बढ़कर 1,12,609 रुपए हो गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमैक्स पर सोने और चांदी की कीमतों में मिलाजुला कारोबार हुआ। सोने की कीमत 0.17 प्रतिशत कम होकर 3,382 डॉलर प्रति औंस और चांदी की कीमत 0.11 प्रतिशत बढ़कर 37.81 डॉलर प्रति औंस पर है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने कहा कि सोने की कीमत एक रेंज में बनी हुई है। इसकी वजह जैक्सन होल में अमेरिकी फेड प्रमुख के भाषण से पहले निवेशकों का सर्तक रहना है। कॉमैक्स पर गोल्ड 3,338 डॉलर प्रति औंस और घरेलू बाजार में 99,250 रुपए प्रति 10 ग्राम है। तकनीकी मोर्चे पर गोल्ड के लिए सपोर्ट 98,500 रुपए और रुकावट का स्तर 1,00,000 रुपए के पास है।
1 जनवरी से अब तक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 76,162 रुपए से 22,985 रुपए या 30.17 प्रतिशत बढ़कर 99,147 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी का भाव भी 86,017 रुपए प्रति किलो से 26,673 रुपए या 31.00 प्रतिशत बढ़कर 1,12,690 रुपए पर पहुंच गया है।
–आईएएनएस
एबीएस/