भूस्खलन के बाद आंशिक रूप से बहाल होगी लुमडिंग-बदरपुर रेल सेवा, 29 जून से शुरू होगा ट्रेन संचालन


गुवाहाटी, 28 जून (आईएएनएस)। दक्षिण असम, त्रिपुरा, मणिपुर और मिजोरम को शेष भारत से जोड़ने वाली ट्रेन सेवाएं एक सप्ताह के व्यवधान के बाद आंशिक रूप से 29 जून से बहाल की जाएंगी। यह जानकारी शनिवार रात को उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने दी।

दरअसल, 23 जून से लुमडिंग-बदरपुर हिल सेक्शन में भारी भूस्खलन के चलते रेल पटरियों को भारी नुकसान पहुंचा था, जिससे इस मार्ग पर ट्रेन सेवाएं पूरी तरह बाधित हो गई थीं।

शर्मा ने बताया कि रविवार (29 जून) से लुमडिंग डिवीजन के लुमपुर-न्यू हाफलांग सेक्शन पर आंशिक रूप से ट्रेन संचालन शुरू किया जाएगा। बहाली कार्य तेजी से प्रगति पर है और सोमवार से नियमित सेवाएं बहाल होने की संभावना है।

रविवार को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे के बीच सीमित संख्या में ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इस दौरान त्रिपुरा और बराक घाटी (दक्षिणी असम) के लिए पेट्रोलियम उत्पाद और खाद्यान्न लेकर जाने वाली मालगाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

गुवाहाटी में फंसे एक पीओएल वैगन को भी जैसे ही पटरियां साफ होंगी, धलाई जिले के धर्मनगर (त्रिपुरा) भेजा जाएगा।

शर्मा ने बताया कि बहाली के बाद सीलदाह-सिलचर कंचनजंघा एक्सप्रेस, जो शनिवार (28 जून) को रवाना हुई थी, वह इस बहाल मार्ग से गुजरने वाली पहली यात्री ट्रेन होगी। इसके बाद सबरूम-सीलदाह कंचनजंघा एक्सप्रेस, जो 29 जून को शुरू होगी, भी इसी मार्ग से चलेगी।

फंसे हुए यात्रियों की सुविधा के लिए रविवार को रंगिया से अगरतला के लिए एक विशेष ट्रेन भी चलाई जाएगी।

सीपीआरओ ने बताया कि असम के दीमा हासाओ जिले में इस हिल सेक्शन के कई हिस्से भारी वर्षा के कारण हुए भूस्खलनों से गंभीर रूप से प्रभावित हुए थे। उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने स्वयं मौके का निरीक्षण किया, बहाली कार्यों की समीक्षा की और टीमों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने तेजी से काम पूरा करने के लिए अधिकतम जनशक्ति और मशीनरी तैनात करने के निर्देश दिए हैं ताकि यह महत्वपूर्ण रेलमार्ग जल्द से जल्द पूरी तरह चालू हो सके।

–आईएएनएस

एससीएच/डीएससी


Show More
Back to top button