प्रिया और रिंकू की सगाई आज, हम बहुत खुश : तूफानी सरोज

नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। इंडियन क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी(सपा) सांसद प्रिया सरोज की रविवार को लखनऊ स्थित होटल में होने वाली सगाई को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने रिंकू-प्रिया की सगाई पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज हम सभी लोग बेहद खुश हैं, सभी लोग एकत्रित हुए हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान तूफानी सरोज ने बताया कि सगाई कार्यक्रम में रिंकू-प्रिया को आशीर्वाद देने के लिए सपा सांसद जया बच्चन, इकरा हसन के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
सगाई कार्यक्रम में कई पूर्व क्रिकेटर के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है। पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना सहित कई खिलाड़ी यहां पर पहुंचने वाले हैं।
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई कराने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे पंडित उमेश त्रिवेदी ने कहा कि आज का दिन बहुत शुभ है। सगाई के लिए दोपहर 12 से 4:30 तक शुभ मुहूर्त है। प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की शुभ मुहूर्त में सगाई होगी।
सपा सांसद प्रिया सरोज के चाचा भगवती सरोज ने कहा कि आज बहुत गर्व और खुशी का दिन है। शादी दोनों परिवारों की सहमति से हो रही है। उन्होंने बताया कि दोनों परिवार के करीबी रिश्तेदार कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सेंट्रम होटल के मालिक सर्वेश कुमार गोयल ने बताया कि सगाई को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। करीब 300 मेहमान यहां पर आएंगे। खुशी की बात यह है कि हमारे होटल में यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम हो रहा है। हमारी टीम काफी उत्साहित है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल हो रहे मेहमानों को वेज फूड परोसा जाएगा।
हाल ही में इस होटल में क्रिकेटर कुलदीप सिंह की भी सगाई का कार्यक्रम संपन्न हुआ था। इस कार्यक्रम में अपने साथी खिलाड़ी को बधाई देने के लिए रिंकू सिंह भी पहुंचे थे। दूसरी ओर प्रिया सरोज ने भी कुलदीप और उनकी मंगेतर के साथ एक फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की थी। पोस्ट में प्रिया ने लिखा, “हमेशा के लिए जुड़ा रिश्ता, कुलदीप भैया और वंशिका को हार्दिक बधाई।“
–आईएएनएस
डीकेएम/केआर