'सिंदूर सनातन की हजारों साल पुरानी परंपरा का प्रतीक, मजाक का विषय नहीं', तरुण चुघ का मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तंज


लुधियाना, 6 जून (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता भगवंत मान का हाल ही में सिंदूर पर दिया गया विवादित बयान चर्चा का विषय बना हुआ है। शुक्रवार को लुधियाना आए भाजपा नेता तरुण चुघ ने भगवंत मान की आलोचना की।

सिंदूर पर विवादित बयान देने के कारण भगवंत मान पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा, “भगवंत मान ने शहीदों की विधवाओं के जख्मों पर नमक छिड़कने और उनका अपमान करने का काम किया है। किसी का सिंदूर उजड़ने पर वह मजाक बना रहे हैं। उन्हें समझना चाहिए कि सिंदूर सनातन धर्म की हजारों साल पुरानी परंपरा का हिस्सा है, यह मजाक का विषय नहीं है। वह जानबूझकर हिंदू परंपरा का मजाक उड़ा रहे हैं।”

उन्होंने कहा, ” ‘ऑपरेशन सिंदूर’ हिंदुस्तान का स्वाभिमान और गर्व है। पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकवादियों को मारना हमारे वीर सैनिकों की वीरता का प्रमाणपत्र है। लेकिन मान उस पर मजाक कर रहे हैं। पाकिस्तान इस वक्त थर-थर कांप रहा है, लेकिन भगवंत मान को इस पर मजाक सूझ रहा है, यह वीर सेना का अपमान है।”

उल्लेखनीय है कि इससे पहले मंगलवार को पंजाब कैबिनेट की बैठक में भगवंत मान ने भाजपा पर तंज कसते हुए विवादित बयान दिया था, जिसके बाद भाजपा के नेता हमलावर हैं। मान ने कहा था, ” ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद भाजपा के कार्यकर्ता घर-घर जाकर सिंदूर बांटने का काम कर रहे हैं, जो बहुत ही दुखद है। सिंदूर का मजाक उड़ाया जा रहा है, भाजपा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नाम पर वोट मांग रही है। वे हर घर में सिंदूर भेज रहे हैं। कौन सा व्यक्ति अपनी पत्नी से मोदी के नाम पर सिंदूर लगाने के लिए कहेगा? क्या यह ‘एक राष्ट्र, एक पति’ योजना है?”

चुघ ने प्रेस वार्ता में लुधियाना पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार की जीत का दावा किया। दरअसल, ‘आप’ विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद लुधियाना पश्चिम सीट जनवरी में खाली हो गई थी जिस पर उपचुनाव होना है।

–आईएएनएस

एससीएच/एकेजे


Show More
Back to top button