सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांग कर पाकिस्तान की भाषा बोल रही कांग्रेस : रविंदर रैना


नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस के लोकसभा सांसद एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने पर भारतीय जनता पार्टी हमलावर है। जम्मू-कश्मीर भाजपा के दिग्गज नेता रविंद्र रैना ने शनिवार को कांग्रेस पर पाकिस्तान की भाषा बोलने का आरोप लगाया।

जम्मू-कश्मीर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा, “भारतीय सेना ने (2016 के सर्जिकल स्ट्राइक में) पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में घुसकर आतंकवादियों के ठिकानों को तबाह किया था। भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक के चर्चे पूरी दुनिया में हुए थे। सभी ने भारतीय सेना का लोहा माना था और सेना के शौर्य, पराक्रम और अदम्य साहस को सैल्यूट किया था। लेकिन बहुत ही दुर्भाग्य की बात है कि कांग्रेस पार्टी ने भारतीय सेना की शौर्य, शक्ति और देशभक्ति पर सवाल उठाया है। चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे हैं। कांग्रेस पार्टी पाकिस्तान की भाषा बोल रही है।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश के साथ “गद्दारी” की है। भारतीय सेना दुनिया की सबसे ताकतवर सेना है। हमारी सेना के जज्बे को पूरा देश सैल्यूट करता है। पूरी दुनिया भारतीय सेना की ताकत को सलाम करती है, लेकिन बहुत दुख की बात है कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा हमारी सेनाओं के खिलाफ दुष्प्रचार किया है। कांग्रेस ने भारत माता की पीठ पर खंजर घोंपा है, यह उस वक्त किया है, जब पहलगाम के आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना पाकिस्तान के हर दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। ऐसे वक्त में सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल खड़ा करना और सबूत मांगना सेना के शौर्य, पराक्रम और देशभक्ति के प्रमाण पर सवाल उठाना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण तथा निंदनीय है। कांग्रेस ने बहुत बड़ा राष्ट्रद्रोह किया है।”

उल्लेखनीय है कि चरणजीत सिंह चन्नी ने शुक्रवार को कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में शामिल होने के बाद मीडियाकर्मियों से चर्चा के दौरान कहा, “हमारे देश में कोई बम गिरे तो पता नहीं चलेगा? कहते हैं कि हमने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक की, कुछ नहीं हुआ। कहीं नहीं दिखी सर्जिकल स्ट्राइक, किसी को नहीं पता चला।”

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “मैं तो सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत हमेशा मांगता रहा हूं।”

–आईएएनएस

एससीएच/एकेजे


Show More
Back to top button