'राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप' पर झारखंड का लगातार तीसरी बार कब्जा

'राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप' पर झारखंड का लगातार तीसरी बार कब्जा

रांची, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड ने लगातार तीसरी बार ‘जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप’ जीत ली है। यहां ‘जयपाल सिंह मुंडा इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम’ में गुरुवार शाम को खेले गए फाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम ने मध्य प्रदेश को 3-1 से शिकस्त दी। झारखंड की नीरू कुल्लू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

रोमांचक मैच के 30वें मिनट में झारखंड की स्वीटी डुंगडुंग और 43वें मिनट में शांति कुमारी ने गोल कर टीम को 2-0 से बढ़त दिलाई। इसके बाद 45वें मिनट में मध्य प्रदेश की टीम को पेनाल्टी स्ट्रोक मिला। टीम की काजल ने इसे गोल में बदल दिया, लेकिन इसके बाद 48वें मिनट में झारखंड की नीरू कुल्लू ने एक शानदार गोल दागा।

हॉकी इंडिया, हॉकी झारखंड और झारखंड खेल विभाग की संयुक्त मेजबानी में आयोजित 14वीं ‘राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप’ में कुल 25 टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट कुल 11 दिनों तक चला। झारखंड की टीम ने वर्ष 2013 से लेकर अब तक इस टूर्नामेंट में कोई ना कोई खिताब हासिल किया है। वर्ष 2018 से राज्य की टीम ने हर वर्ष लगातार फाइनल मुकाबला खेला है।

टूर्नामेंट में तीसरे और चौथे स्थान के लिए हरियाणा और ओडिशा के बीच भिड़ंत हुई, जिसमें हरियाणा ने पेनाल्टी शूटआउट में ओडिशा को 2-1 से पराजित किया। हरियाणा ने चैंपियनशिप में लगातार दूसरे वर्ष कांस्य पदक हासिल किया है। इस मैच में हरियाणा टीम की शशि खासा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, विशिष्ट अतिथि झारखंड सरकार के उपनिदेशक राजकिशोर खाखा, हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति, आश्रिता लकड़ा और कांति बा ने टूर्नामेंट की विजेता और प्रतिभागी टीमों को पुरस्कार प्रदान किया।

–आईएएनएस

एसएनसी/एससीएच

E-Magazine