हॉकी इंडिया लीग के लिए खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन शुरू


नई दिल्ली, 14 जून (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) ने आगामी संस्करण के लिए खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है, जो इस साल के अंत में आठ साल के लंबे अंतराल के बाद वापसी कर रही है।

हॉकी इंडिया लीग के 2024-2025 संस्करण में आठ पुरुष और छह महिला टीमें शामिल होंगी।

हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति में कहा गया है, “खेल के इतिहास में यह पहली बार है कि अलग से महिला हॉकी इंडिया लीग आयोजित की जाएगी, जो महिला हॉकी को बढ़ावा देने और इसके बाद भारत में महिला हॉकी खिलाड़ियों की प्रतिभा को बढ़ाने के हॉकी इंडिया के दृष्टिकोण को दिखाता है।

हॉकी इंडिया ने टॉप-15 हॉकी खेलने वाले देशों के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को रजिस्ट्रेशन करने के लिए आमंत्रित किया है। यह आयोजन दिसंबर 2024 के आखिरी सप्ताह से फरवरी 2025 के पहले सप्ताह के बीच होगा।

इस अवसर पर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा, “हम हॉकी इंडिया लीग 2024-2025 संस्करण के लिए खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन शुरू करने से बहुत खुश हैं। यह कदम दिखाता है कि हम एचआईएल को फिर से शुरू करने के करीब हैं, एक ऐसी लीग जिसे दुनिया भर के हॉकी खिलाड़ी और प्रशंसक पसंद करते हैं। हमें विश्वास है कि उभरते भारतीय हॉकी खिलाड़ी दुनिया के कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ और उनके खिलाफ खेलने का मौका जरूर पाएंगे।”

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी कहा, “हॉकी इंडिया लीग ने भारतीय हॉकी टीमों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह बहुत खुशी और गर्व की बात है कि हम इसे फिर से शुरू करने के कगार पर हैं। यह लीग युवा खिलाड़ियों के स्तर को बेहतर बनाने और पूरे देश में हॉकी की संस्कृति को बढ़ावा देने में मदद करेगी। हम भारत और विदेशों से ढेर सारे आवेदन प्राप्त करने की उम्मीद करते हैं।”

–आईएएनएस

एएमजे/एसकेपी


Show More
Back to top button