आम आदमी पार्टी की कोई विचारधारा नहीं है : नवीन जिंदल


यमुनानगर, 9 जून (आईएएनएस)। कुरुक्षेत्र लोकसभा से चुनाव जीतने के बाद भाजपा सांसद नवीन जिंदल रादौर पहुंचे। रादौर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने आग आदमी पार्टी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि इस पार्टी की कोई विचारधारा ही नहीं है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र में पार्टी और उनके खुद के संकल्प पत्र के अनुरूप जल्द ही काम शुरू किए जाएंगे। मेडिकल सुविधाओं के आलावा समाजसेवा के कार्यों पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद नवीन जिंदल ने आम आदमी पार्टी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव तक कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने वाली पार्टी अब कांग्रेस नेताओं पर ही भीरतघात का आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को कांग्रेस के नाम पर 80 प्रतिशत वोट मिले हैं, आम आदमी पार्टी की कोई विचारधारा ही नहीं है। चुनाव खत्म होने के बाद से ही आप नेता कांग्रेस के खिलाफ बयानबाजी करने लगे।

प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि सीएम सैनी ने कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। सरपंचों की समस्या भी दूर की गई है। ये सरकार जनता की है, ये लोगों की सरकार है। हम साथ मिलकर काम करेंगे।

आपको बताते चलें, देश के जाने-माने उद्योगपति नवीन जिंदल ने कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से जीत दर्ज की है। जिंदल ने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुशील गुप्ता को 29 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। नवीन जिंदल को 5 लाख 42 हजार 175 वोट तो वहीं, सुशील गुप्ता को 5 लाख 13 हजार 154 वोट मिले।

नवीन जिंदल ने हाल ही में कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थामा था।

–आईएएनएस

पीएसके/एसकेपी


Show More
Back to top button