गाजियाबाद: वैशाली में सिलेंडर लीक से भीषण आग, 5 लोग झुलसे

गाजियाबाद, 25 मार्च (आईएएनएस)। गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-5 क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां सिलेंडर लीकेज के कारण अचानक आग लग गई। इस घटना में एक ही परिवार के पांच लोग झुलस गए, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को दोपहर करीब 2:53 बजे अग्निशमन विभाग को सूचना मिली कि राघव कुंज, वैशाली सेक्टर-5 स्थित एक मकान में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई। एक फायर टैंकर के साथ अग्निशमन केंद्र वैशाली के प्रभारी अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए।
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद जांच में पता चला कि प्लॉट नंबर 390, ब्रह्मपुत्र लेन स्थित मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले किराएदारों के कमरे में एलपीजी सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी। कमरे में गैस फैल चुकी थी, इसी दौरान जैसे ही किसी ने माचिस जलाई, गैस ने तुरंत आग पकड़ ली और एक बड़ा आग का गुबार बन गया। इससे पूरे कमरे में अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में मगनू चौपाल (55 वर्ष), मंजू देवी (50 वर्ष), माही (8 वर्ष), अन्नु, और अनुराग (लगभग 5 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेजी से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के समय स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रित करने में सहयोग किया।
प्राथमिक जांच में यह हादसा सिलेंडर लीकेज के कारण हुआ बताया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की गैस की गंध आने पर तुरंत सतर्क हो जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
–आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच