रनों के आधार पर आईपीएल इतिहास की 5 सबसे बड़ी जीत
नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अब तक कुल 18 सीजन खेले गए हैं। इस दौरान 13 बार 100 या उससे अधिक रनों के अंतर से मुकाबले जीते गए हैं। आइए, आईपीएल इतिहास में रनों के अंतर से 5 सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाली टीमों के बारे में जानते हैं, जिनमें 3 बार आरसीबी का नाम शामिल है।
मुंबई इंडियंस (146 रन): इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में रनों के आधार पर सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस (एमआई) के नाम पर है। इस टीम ने 6 मई 2017 को खेले गए मुकाबले में 3 विकेट खोकर 212 रन बनाए। इसके जवाब में दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम 13.4 ओवरों में महज 66 रन पर सिमट गई।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (144 रन): 14 मई 2016 को खेले गए इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर 248 रन बनाए। इसके जवाब में गुजरात लॉयन्स की टीम 18.4 ओवरों में महज 104 रन पर ढेर हो गई थी।
कोलकाता नाइट राइडर्स (140 रन): यह मैच 18 अप्रैल 2008 को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और आरसीबी के बीच खेला गया था, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने 3 विकेट खोकर 222 रन बनाए। इसके जवाब में आरसीबी की टीम 15.1 ओवरों में सिर्फ 82 रन पर सिमट गई।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (138 रन): 6 मई 2015 को खेले गए इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर 226 रन बनाए। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब की टीम 13.4 ओवरों में सिर्फ 88 रन पर ऑलआउट हो गई।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (130 रन): यह मैच 23 अप्रैल 2013 को खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने 5 विकेट खोकर 263 रन बनाए। इसके जवाब में पुणे वॉरियर्स निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 133 रन बना सकी।
–आईएएनएस
आरएसजी