वंदेभारत एक्सप्रेस का लखनऊ से गोरखपुर के बीच हुआ सफल ट्रायल

वंदेभारत एक्सप्रेस का लखनऊ से गोरखपुर के बीच हुआ सफल ट्रायल

लखनऊ। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का मंगलवार को गोरखपुर से लखनऊ रूट पर पहला ट्रायल रन हुआ। देश की पहली स्वदेशी सेमी हाइस्पीड ट्रेन गोरखपुर से सुबह 6:05 बजे चली। इसे 10.20 बजे लखनऊ पहुंचना था, लेकिन 17 मिनट पहले 10.03 बजे चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंच गई। वंदे भारत ने गोरखपुर से लखनऊ का 296 किमी का सफर 3 घंटे 58 मिनट में पूरा किया। ट्रेन की अधिकतम स्पीड 110 किलोमीटर प्रति घंटे रही। रेलवे चार्ट में सप्त क्रांति एक्सप्रेस का गोरखपुर से लखनऊ पहुंचने का तय समय 4.55 घंटा है। वहीं, गोरखधाम एक्सप्रेस 04.50 घंटे, वैशाली एक्सप्रेस 05.05 घंटे और हमसफर का 5.15 घंटे में पहुंचना निर्धारित है। स्पीड ट्रायल के बाद रेलवे वंदे भारत एक्सप्रेस का टाइम टेबल और किराया जारी करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 जुलाई को वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। अभी तक के रूट के अनुसार, गोरखपुर-अयोध्या-लखनऊ होते हुए इसे चलाया जाएगा। वंदे भारत एक्सप्रेस का अभी प्रस्तावित समय गोरखपुर से सुबह 6.05 बजे चलने का है। लखनऊ पहुंचने का समय सुबह 10.20 बजे है। इसके बाद लखनऊ से शाम 7.15 बजे चलेगी। रात 9.13 बजे अयोध्या, 10.30 बजे बस्ती, फिर रात 11.25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस की सुरक्षा के लिए आरपीएफ के अतिरिक्त जवानों की तैनाती प्लेटफॉर्म पर की गई। वहीं रेलवे कंट्रोल रूम में एक वरिष्ठ अधिकारी को भी वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन के लिए तैनात किया जाएगा। हालांकि यह लखनऊ जंक्शन से चलेगी या गोमती नगर स्टेशन से, यह अभी तय नहीं हो पाया है। ट्रेन के डिब्बे चेन्नई में तैयार हुए हैं। सीट के नीचे चार्जिंग पॉइंट दिए गए हैं। आठ कोच की ट्रेन में अधिकतम 456 यात्री सफर कर सकते हैं। यात्री की सुविधा के लिए फर्स्ट ऐड बॉक्स रखा गया है। ट्रेन में क्रू मेंबर की कोच के पीछे खाना गर्म करने और पानी ठंडा रखने के लिए मशीन लगी है। अटेंडेंट की मदद से यात्रियों को गर्म खाना और ठंडा पानी मिल सकेगा। एनई रेलवे सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने कहा, रेलवे सुरक्षित यात्रा के लिए लगातार काम कर रहा है। इसके लिए लगातार रेलवे बदलाव भी कर रहा है। लखनऊ-गोरखपुर रेल खंड की गति बढ़ाने के लिए सीबीएस पर काम भी तेज हो रहा है। आने वाले समय में पूर्वोत्तर रेलवे हाई स्पीड की ट्रेनें भी चलाएगा।

E-Magazine