मेरी प्राथमिकता स्वच्छ व सुरक्षित लखनऊ: सुषमा खर्कवाल

मेरी प्राथमिकता स्वच्छ व सुरक्षित लखनऊ: सुषमा खर्कवाल

लखनऊ। प्रदेश नगरीय निकाय चुनाव में लखनऊ नगर निगम के लिए भाजपा की महापौर उम्मीदवार सुषमा खर्कवाल का कहना है कि महापौर बनते ही लखनऊ को पूर्ण स्वच्छ और सुरक्षित बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह कूड़ा निस्तारण की माकूल व्यवस्था करेंगी।
चुनाव को लेकर लखनऊ से भाजपा की महापौर उम्मीदवार सुषमा खर्कवाल से कई सवाल किये गये, जिसका उन्होंने बड़ी ही बेबाकी से जवाब दिया। प्रस्तुत हैं भाजपा उम्मीदवार से पूछे गये सवाल और उनके जवाब –

जब सुषमा खर्कवाल से पूछा गया कि जनता आप को ही महापौर क्यों चुने?

सुषमा खर्कवाल ने बताया कि आपने देखा भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश कैसे माफियाराज से मुक्त हुआ। डबल इंजन सरकार में उप्र विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विकास की रफ्तार और तीव्र हो इसके लिए जरूरत है ट्रिपल इंजन सरकार की। मेरी लोगों से अपील है कि वे शहरों में भी भाजपा की सरकार बनाएं।

वहीं जब उनसे पूछा गया कि क्या आपको ब्राह्मण होने के नाते भाजपा का टिकट मिला ? तो उन्होंने बताया कि देखिए हर राजनीतिक दल तमाम समीकरणों को ध्यान में रखकर जिताऊ उम्मीदवार ही चुनाव मैदान में उतारता है। भाजपा ने मेरा चयन मेरी मेरिट पर किया है, न कि जाति के आधार पर।

अगला सवाल था कि अगर आप महापौर बनती हैं तो कौन वे फैसले होंगे जिन्हें आप प्राथमिकता देना पसंद करेंगी ?

इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मेरी प्राथमिकता स्वच्छ व सुरक्षित लखनऊ है। कूड़े के निस्तारण व महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को मैं वरीयता देना चाहूंगी।

राजनीतिक दलों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व कम क्यों है ? सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ये बात सही है कि राजनीतिक दलों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व कम रहा है, लेकिन बीते कुछ वर्षों में महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ी है। मुझे विश्वास है कि आने वाले कुछ वर्षों में ये ग्राफ और ऊंचा होगा।

भाजपा में अन्य दलों की अपेक्षा भाजपा में महिलाओं की स्थिति के बारे में वे बताती है कि भाजपा में महिलाओं का विशेष सम्मान है। बाकी दलों का क्या है किसी से छिपा नहीं। कैसे सार्वजनिक मंचों से सुनने को मिला “भइया से शिकायत कर दूंगी“,। जहां एक पार्टी सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी तक सुरक्षित नहीं हैं उस दल में किसी सामान्य महिला को कितना सम्मान मिलेगा, स्वतः स्पष्ट है।

E-Magazine