भारतीय किसान संघ ने बनायी गौ आधारित जैविक खेती अभ्यास की योजना

भारतीय किसान संघ ने बनायी गौ आधारित जैविक खेती अभ्यास की योजना

लखनऊ। भारतीय किसान संघ ने संगठन संरचना के अंतर्गत अवध प्रांत के किसानों को गौ आधारित जैविक खेती के लिए अभ्यास कराने की योजना बनायी है। इसके लिए अवध प्रांत के भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने किसानों की सूची भी बना ली है। इसमें भारतीय किसान संघ से जुड़े हुए कार्यकर्ता किसानों को भी शामिल किया गया है।

भारतीय किसान संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की योजना-रचना में 22 अप्रैल की अपराह्न से 23 अप्रैल पूर्वाह्न तक लखनऊ के मोहनलालगंज के बन्दउआ क्षेत्र में प्रकृति भारती के प्रांगण में गौ आधारित जैविक खेती अभ्यास वर्ग लगाया जाएगा। इस अभ्यास वर्ग में भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय बीज प्रमुख कृष्ण मुरारी बतौर प्रशिक्षक रहेंगे। कृष्ण मुरारी अपने जीवन काल में सैकड़ों किसानों को प्रशिक्षित कर चुके हैं और उनका लखनऊ में 21 अप्रैल की रात्रि तक पहुंचना होगा।

अमेठी और सीतापुर के किसानों से मिलेंगे

भारतीय किसान संघ ने जैविक खेती करने वाले किसानों के बीच संगठनात्मक कार्य किये हैं। बीते दिनों बड़ी संख्या में अमेठी और सीतापुर में जैवीक खेती करने वाले किसान संगठन में जुड़े हैं। अखिल भारतीय बीज प्रमुख कृष्ण मुरारी अवध प्रांत में रहते हुए अमेठी और सीतापुर के ऐसे किसानों से मिलेंगे और उन्हें प्रत्यक्ष प्रशिक्षण व सलाह देंगे।

18 से 20 अप्रैल तक प्रांत की बैठक

भारतीय किसान संघ की अवध प्रांत कार्यकारिणी की 18 अप्रैल से ही बैठकें शुरु हो रही हैं। जो क्रमशः 19 अप्रैल और 20 अप्रैल को भी होंगी। 20 अप्रैल को संगठनमंत्रियों की बैठक के साथ ही बैठकों का समापन होगा। तीन दिनों में भारतीय किसान संघ के महामंत्री मोहन विभिन्न आयामों के कार्यकर्ताओं को संगठन का मंत्र देने का प्रयास करेंगे।

E-Magazine