बुद्ध की तपस्थली संकिसा में बुद्ध पूर्णिमा पर निकाली धम्म यात्रा

बुद्ध की तपस्थली संकिसा में बुद्ध पूर्णिमा पर निकाली धम्म यात्रा

फर्रुखाबाद। भगवान बुद्ध की तपस्थली संकिसा में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर तथागत के अनुयायियों तथा भंते व भिक्षुओं ने ध्यान साधना की। इस दौरान ‘बुद्धम् शरणम् गच्छामि’ के मंत्र से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो गया। धम्मा लोको बुद्ध विहार प्रबंध समिति के अध्यक्ष कर्मवीर शाक्य ने फीता काटकर धम्म यात्रा की झांकियों को रवाना किया। बैंड बाजे जोशीली की ध्वनि पर बुद्ध की तीन झांकियां रवाना हुई।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीओ सोहराब आलम एवं मेरापुर थानाध्यक्ष दिग्विजय सिंह फोर्स के साथ आगे चले। पुलिस ने यात्रियों की सुविधा के लिए धम्म यात्रा यात्रियों को आधी सड़क पर चलने के लिए रस्सा लगवाया। बौद्ध अनुयायियों ने बौद्ध धर्म की क्या पहचान, मानव मानव एक समान। जब तक सूरज चांद रहेगा, बौद्ध धर्म का नाम रहेगा। बुद्धम् शरणम् गच्छामि, धम्मम शरणम् गच्छामि, संघम् शरणम् गच्छामि का उद्घोष किया।

पुरातत्व विभाग के स्थल पहुंचने पर बौद्ध अनुयायियों ने तीन बार बुद्ध स्तूप की परिक्रमा की। सभी लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर स्तूप के निकट बुद्ध की पूजा की। कर्मवीर शाक्य ने बौद्ध धर्म की वैज्ञानिक व्याख्या करते हुए कहा कि बुद्ध कहते थे कि जो बातें पुस्तकों में लिखी हैं उसे तब तक न माने जब तक वह बाते बुद्धि की कसौटी पर खरी न उतरे। उस बात को भी न मानें जो मानव के अहित में हो।

श्री शाक्य ने डॉक्टर अंबेडकर की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 1956 में जब से बौद्ध धर्म अपनाया तब से बौद्ध धर्म का कारवां निरंतर बढ़ता गया है और बढ़ता ही रहेगा। मानवतावादी बौद्ध धर्म की पूरे विश्व में पहचान है। इस दौरान जयवीर सिंह शाक्य एडवोकेट एवं जनपद मैनपुरी आरसी महाविद्यालय की प्रवक्ता श्रद्धा बज्जरी ने भगवान बुद्ध के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए हुए रास्ते पर चलने का आवाह्न किया।

धम्म यात्रा में भिक्षु अश्वघोष,भिक्षु कंचन, बोधि भिक्षु धम्म मित्र पखना सहकारी संघ के अध्यक्ष रघुवीर शाक्य, बुद्ध विहार के प्रबंधक राहुल शाक्य एडवोकेट, महेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे। मानिकपुर निवासी डा. नंदकिशोर शाक्य ने स्तूप के निकट खीर का व्यवस्था की। पहले भिक्षुओं व पुलिसकर्मियों को खीर खिलाई गई, बाद में बौद्ध उपासको को।

ग्राम भैंसरोली निवासी संतोष बौद्ध ने स्तूप परिसर के गेट पर पेयजल की बोतलों की पर्याप्त व्यवस्था की। संकिसा निवासी मनोज बौद्ध ने कंबोडिया बुद्ध विहार के सामने धम्म यात्रियों को बिस्कुट का पैकेट एवं पेयजल के पैकेट उपलब्ध कराये। कार्यक्रम के आयोजक कर्मवीर शाक्य एवं रघुवीर शाक्य ने यात्रा में बेहतर ढंग से सहयोग करने के लिए सीओ एवं थाना प्रभारी के प्रति आभार व्यक्त किया।

E-Magazine