दिल्ली-एनसीआर में  जल्द ही तापमान में इजाफा होने के असर…

दिल्ली-एनसीआर में  जल्द ही तापमान में इजाफा होने के असर…

दिल्ली-एनसीआर में मई का पूरा महीना कूल-कूल ही बीत गया। जून के पहले सप्ताह में भी मौसम मेहरबान ही बना रहा है। हालांकि, अब राहत भरे दिनों का अंत हो सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे इजाफा होने जा रहा है। जल्द ही पारा 40 डिग्री के पार चला जाएगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि कम से कम अगले 4-5 दिनों तक हीटवेव की संभावना कम है। सफदरजंग वेधशाला ने बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है, जोकि सामान्य से 2 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 

एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से रुक-रुक कर बारिश ने मई के बाद जून में भी अब तक राहत बनाए रखी है। अब तक अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा है। आईएमडी के मुताबिक सफदरजंग वेधशाला ने अब तक इस मौसम में एक भी दिन लू दर्ज नहीं किया है। 2014 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि प्री-मॉनसून सीजन (मार्च से मई) में अधिक बारिश की वजह से तापमान सामन्य से कम रहा है। दिल्ली में मई का महीना 36 साल बाद इतना कूल रहा है। अत्यधिक बारिश की वजह से औसत अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आगे आपको लू के थपेड़ों का सामना नहीं करना पड़ेगा। केरल में मॉनसून के आगमन में देरी की वजह से दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में तापमान बढ़ेगा और भीषण गर्मी का यह दौर लंबा चल सकता है। मौसम विभाग ने पिछले महीने संभावना जताई थी कि उत्तरपश्चमी भारत में मॉनसून के दौरान सामान्य से कम या बेहद कम बारिश होगी और इस वजह से शुष्क और गर्मी वाले दिनों की संख्या ज्यादा हो सकती है। 

E-Magazine