छत पर अनोखा खेत, उगती हैं स्वादिष्ट सब्जियां

छत पर अनोखा खेत, उगती हैं स्वादिष्ट सब्जियां

छत पर खेत सुनने में आश्चर्यचकित करने वाला लगता है लेकिन यह सच है । यह कारनाम किया है दिल्ली से सटे गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में रहने वाले उमेश चंद्र पंत ने। उन्होंने करीब 70 गज की छत को ही खेत में बदल दिया है। इनके खेत में नींबू, धनिया, करेला, भिंडी, बैंगन, हरी सब्जी समेत कई मौसमी सब्जियां देखी जा सकती है। पंत ने तीन साल की कड़ी मेहनत के बाद इस सफलता को हासिल किया है। पंत रोजाना 5 से 6 घंटे का वक्त इस मिनी खेत को मेंटेन करने में लगाते हैं। पंत बताते हैं कि वह जिस सोसायटी में रहते हैं, उसके टॉप फ्लोर पर उनका घर है। उनके फ्लोर की छत पर सभी रेजिडेंट्स के वॉटर टैंक रखे हुए हैं। वॉटर टैंक ओवर फ्लो होने पर छत पर पानी भर जाता था। इस समस्या से निजात पाने के लिए उन्होंने व्यवस्थित ढंग से छत पर बागवानी करने का निर्णय लिया। टैंकों का ओवर फ्लो वॉटर सीधे पेड़-पौधों को मिलता है। छत में सीलन और वॉटर स्टोरेज की समस्या भी खत्म हो गई है।

सेहत के लिए फायदेमंद हैं बागवानी

पंत बताते हैं कि छत पर बागवानी करने से सेहत भी अच्छी रहती है। लोगों को शुद्ध सब्जियां खाने को मिलती है। वहीं छत की सैर करने पर हरियाली देखने को मिलती है। शुद्ध हवा मिलने से लोगों का ऑक्सीजन लेवल भी ठीक होता है।

रसीले नींबू का स्वाद लीजिए​

रसीले नींबू

छत पर एक नींबू का पेड़ है। नींबू के पेड़ पर रसीले नींबू लटक रहे हैं। इन नींबू को देखकर हर कोई हैरान है। आसपास के लोगों को कहना है कि इतने बड़े और रसीले नींबू तो खेत पर भी मुश्किल से पैदा होते हैं और यहां सोसायटी की छत पर रसीले नींबू देखने को मिल रहे हैं।

बैंगन की खेती

छत के एक हिस्से में ताजे बैंगन उग रहे हैं। उमेश चंद्र पंत बताते हैं कि वह आजकल छत पर लगे बैंगन की सब्जी बनाते हैं। उनके पड़ोसी भी इन बैंगनों का स्वाद चख रहे हैं। बैंगन की क्वालिटी और साइज को देखकर अंदाजा लगाना मुश्किल है कि यह बैंगन खेत के हैं या छत के।

​छत पर लटक रहा है करेला

छत के एक हिस्से में बड़े-बड़े करेले लटक रहे हैं। जिसने भी इन करेलों को देखा उसने इनके साथ सेल्फी ली। आसपास के लोगों का कहना है कि छत पर करेले लटकने की कल्पना करना भी मुश्किल हैं, मगर पंत ने इसे संभव कर दिखाया है। करेले की सब्जी का स्वाद भी आसपास के लोग चख रहे हैं।

गमले में धनिया की खेती

पंत ने छत पर रखे तीन-चार गमलों में धनिया की खेती कर रखी है। हरा-हरा धनिया देखकर आपको महसूस होगा कि आप किसी खेत के बीच में खड़े हैं। पंत ने छत पर सुंदर खेत बनाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।

अनोखा स्वाद

आसपास के लोगों से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि खेत में लगी सब्जियों से पंत की छत पर लगी सब्जियों का स्वाद बिलकुल अलग और अनोखा है। पंत की सब्जियों का स्वाद विशेष है उन्होंने इससे पहले ऐसी स्वादिष्ट सब्जियां नहीं खाईं।

E-Magazine