ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 229 गांव चयनित

ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 229 गांव चयनित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित करने और किसानों की आमदनी में इजाफा करने की प्रयास के तहत 18 मंडलों में कृषि ग्राम्य पर्यटन के क्लस्टर के रूप में विकसित करने के लिए 229 गांवों का चयन किया गया है। सूबे के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सोमवार को बताया कि 75 गांवों को दो वर्ष की अवधि में ग्राम्य पर्यटन के लिए चयनित कराकर उनमें पर्यटन विकास का कार्य कराया जाएगा। कृषि एवं ग्राम्य पर्यटन की अवधारणा को साकार करने के लिए 18 मण्डलों को कृषि ग्राम्य पर्यटन के क्लस्टर के रूप में विकसित करने के लिए 229 गांव चयनित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि गांवों को विकसित करने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग ने ग्राम्य पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी 6 परामर्शी संस्थाओं का चयन किया है। ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चिन्हित गांवों में अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जाएगा। पर्यटकों को गांवों की तरफ आकर्षित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों को चिन्हित किया गया है। सिंह ने बताया कि प्रदेश सांस्कृतिक विविधता, खान-पान, वेशभूषा, स्थानीय क्राफ्ट, हस्तशिल्प तथा विभिन्न विशेषताओं से भरा हुआ है। पर्यटकों को ग्रामीण जीवन को करीब से देखने और समझने का अवसर प्राप्त होगा। इसके साथ ही प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत एवं प्राकृतिक विरासत से रूबरू होने का मौका भी मिलेगा। ग्रामीण पर्यटन को लोकप्रिय बनाने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों का आर्थिक विकास और स्थानीय रोजगार सृजन के साथ ग्रामीणों की आमदनी को बढ़ाना है।

E-Magazine