एशियन गेम्स 2023 में भारत के 100 से ज्यादा पदक जीतने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

एशियन गेम्स 2023 में भारत के 100 से ज्यादा पदक जीतने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर ( आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2023 में भारत के खिलाड़ियों द्वारा अब तक का शानदार प्रदर्शन कर पहली बार 100 से ज्यादा पदक जीतने पर दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।

दिल्ली भाजपा के युवा, पूर्वांचल, ओबीसी, एसटी और महिला मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मीडिया विभाग और कार्यालय सचिवालय कर्मियों के साथ पार्टी कार्यालय में एक त्वरित आयोजित कार्यक्रम में किसी भी अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत द्वारा पहली बार 100 से ज्यादा पदक का जश्न बड़े धूमधाम से मनाया गया।

वरिष्ठ महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और अन्य नेताओं को मिठाइयां खिलाईं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज लहराए एवं ढोल की थाप पर नृत्य किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और इस बार सौ पार, खेलो इंडिया बार-बार जैसे नारे लगाने के साथ ही पदक विजेताओं और अन्य खिलाड़ियों के बैनर उठा कर अभिनंदन किया।

जश्न मना रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से बदल रहा है और प्रगति कर रहा है। 45 दिनों के छोटे से चरण में भारत ने चंद्रयान 3, आदित्य एल 1, जी 20, यशोभूमि, नारी शक्ति वंदन की सफलता और अब एशियाड में 100 से ज्यादा पदक सहित आधा दर्जन उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने इसका श्रेय मोदी सरकार की खेल नीति को भी देते हुए दावा किया कि एशियन गेम्स 2023 में भारत का शानदार प्रदर्शन, पीएम मोदी के खेलो इंडिया कार्यक्रम की सफलता का प्रमाण है, जिसके तहत 9 वर्षों में खेल बजट लगभग 2.75 गुना बढ़ गया है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने आगे यह भी कहा कि एशियाड में पदकों की बारिश उन लोगों के चेहरे पर तमाचा है, जिन्होंने खिलाड़ियों का राजनीतिकरण करने की कोशिश की।

–आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

E-Magazine