उप्र के मौसम में बदलाव रहेंगे जारी, तीन दिन बाद बढ़ेगा तापमान

उप्र के मौसम में बदलाव रहेंगे जारी, तीन दिन बाद बढ़ेगा तापमान

लखनऊ। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सात मई तक मौसम में बदलाव होने जारी रहेंगे। पांच मई से रात के समय से पश्चिमी विक्षोभ के कारण छह से सात मई के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद आठ मई के दौरान मौसम शुष्क रह सकता है और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

बारिस के आसार

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वोत्तर राजस्थान पर बना हुआ है। मध्य प्रदेश के मध्य भागों से तमिलनाडु तक एक ट्रफ रेखा जा रही है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। सात मई को दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की उम्मीद है और यह आठ मई तक एक डिप्रेशन में बदल सकता है। यह बंगाल के मध्य भागों की ओर बढ़ेगा और एक चक्रवात में बदल सकता है। इससे उत्तर प्रदेश का मौसम फिलहाल तीन दिनों तक ऐसा ही बना रहेगा और तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं।

इतना रहा तापमान

डॉ. पाण्डेय ने बताया कि अधिकतम तापमान 33.0 और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो क्रमश: सामान्य से पांच और तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 84 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 62 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 2.7 किमी प्रति घंटा रही। पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। इस दौरान आठ मई तक मध्य तेज हवाओं, ओलावृष्टि एवं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

E-Magazine