आसमान साफ रहने के बने आसार, बढ़ने लगा पारा

आसमान साफ रहने के बने आसार, बढ़ने लगा पारा

कानपुर। पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता कम हो गई है, जिससे धीरे-धीरे अब गर्मी रंग दिखाना शुरु कर दिया और मंगलवार को भी दो डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ा। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में आसमान साफ रहने के आसार हैं और पारा बढ़ेगा। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है क्योंकि दूसरा कारण चक्रवाती तूफान मोचा भी कमजोर हो गया है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और इससे सटे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो गया है। यह आज एक डिप्रेशन में तेज हो सकता है। इसके बाद बंगाल की मध्य खाड़ी और उससे सटे उत्तर अंडमान सागर की ओर लगभग उत्तर की ओर बढ़ते हुए एक चक्रवाती तूफान के रूप में तीव्र होने की संभावना है। निचले स्तरों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वोत्तर राजस्थान पर बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र तमिलनाडु तट के पास बंगाल की उत्तर पश्चिमी खाड़ी पर बना हुआ है। इससे उत्तर प्रदेश के मौसम में तेजी से बदलाव होगा और आसमान साफ रहने के साथ ही तापमान भी बढ़ेगा। फिलहाल अब लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना बहुत कम ही है और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बताया कि अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 57 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 19 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं, जिनकी औसत गति 4.6 किमी प्रति घंटा रही। पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में साफ आसमान रहने के आसार हैं तथा वर्षा की कोई संभावना नहीं है। तापमान बढ़ने के साथ गर्मी भी बढ़ने की पूरी संभावना है।

E-Magazine