सांसदों, विधायकों के जाने से टीएमसी टूटने वाली नहीं है: सुरेंद्र राजपूत


लखनऊ, 9 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने विपक्षी एकता को लेकर आईएएनएस से बातचीत में कहा कि कुछ सांसदों या विधायकों के पार्टी छोड़ने से टीएमसी टूटने वाली नहीं है। विधायकों और सांसदों के जाने से पार्टियां नहीं टूटा करती हैं।

सुरेंद्र राजपूत ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की ओर से जिस तरह से लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है, लोकतंत्र की हत्या की जा रही है, तथा अपने बहुमत को और मजबूत करने से लोकतंत्र का चीर हरण किया जा रहा है, भाजपा को समझना होगा कि समय बदलेगा तो निश्चित तौर पर ये सारी ज्वालाएं उनके सिर पर भी आएंगी। उन्होंने कहा कि अटल जी ने एक बार कहा था कि चिंगारी का खेल बुरा होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के टूटने से पार्टी टूटती है।

‘इंडिया’ ब्लॉक की बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि गठबंधन में सभी पार्टियों को सम्मान दिया जाता है। एक-दूसरे के परस्पर सम्मान भाव से ‘इंडिया’ ब्लॉक का गठन किया गया है। भाजपा की ओर से फर्जी बातें फैलाई जाती हैं।

उन्होंने कहा कि सही बात तो यह है कि भाजपा कभी भी क्षेत्रीय दलों को उभरने नहीं देती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का साफ कहना है कि ‘दिल्ली में परिवेश की खातिर, राहुल और अखिलेश की खातिर और संविधान बचाना है तो वोट करो इस देश की खातिर।’

शामली धर्मांतरण मामले पर सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि भाजपा की सरकार में सारे काम गैर-कानूनी हो रहे हैं। अगर दो लोग बालिग हैं और बिना किसी लालच और दबाव के धर्मांतरण हुआ है तो किसी को भी परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर उस धर्मांतरण में कोई लालच या जबरदस्ती की गई है तो निश्चित तौर पर पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। लेकिन अब भाजपा के पास चुनाव लड़ने का कोई मुद्दा नहीं है तो भाजपा इस तरह से मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर का विमर्श बनाने की कोशिश कर रही है।

–आईएएनएस

एसडी/एएस


Show More
Back to top button