राहुल गांधी के बयान पर बोले पंकज चौधरी- जनादेश का अपमान कर रही कांग्रेस


लखनऊ, 24 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने कहा था, “अगले एक वर्ष में एनडीए सरकार गिर जाएगी।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इसे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के जनादेश का सीधा अपमान बताया है। पंकज चौधरी ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनता के फैसले पर लगातार सवाल उठाना कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब-जब देश की जनता ने कांग्रेस को नकारा, तब-तब पार्टी नेतृत्व ने आत्ममंथन करने के बजाय लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बयान सत्ता हासिल करने के लिए भय, भ्रम और अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश है। चौधरी ने कहा कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को स्पष्ट और मजबूत जनादेश दिया है। यह जनादेश विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और भारत को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने के संकल्प का समर्थन है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा का मुकाबला करने में लगातार कमजोर पड़ रहे हैं, इसलिए वे जनता के विश्वास को कमजोर करने के लिए नकारात्मक राजनीति का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा विदेशी मंचों पर भारत की आलोचना करना, संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास जताना और हर उपलब्धि पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

पंकज चौधरी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है और यहां सरकारें जनता के आशीर्वाद से बनती और चलती हैं, किसी की इच्छा या साजिश से नहीं गिरतीं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीब कल्याण, युवाओं के सशक्तिकरण, महिलाओं की भागीदारी, किसानों के उत्थान और भारत को वैश्विक शक्ति बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष को लोकतंत्र की मर्यादाओं का सम्मान करना चाहिए और जनादेश स्वीकार करने की राजनीतिक परिपक्वता दिखानी चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की जनता विकास और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है और विकसित भारत का संकल्प पूरा होने तक प्रगति का पहिया रुकने वाला नहीं है।

–आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी


Show More
Back to top button