दल-बदल पर एनडीए नेताओं ने सियासी चर्चाओं को दिया विराम

दल-बदल पर एनडीए नेताओं ने सियासी चर्चाओं को दिया विराम

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार बनने जा रही केंद्र सरकार के प्रति भाजपा के सहयोगी दलों ने भी पूरी प्रतिबद्धता दिखाई। जदयू, टीडीपी, लोजपा, रालोद एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख नेताओं ने मोदी को आश्वस्त किया कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ और विकसित भारत के लिए वे लोग मोदी सरकार के भागीदार बने रहेंगे।

बिहार के मुख्यमंत्री एवं जदयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार एवं टीडीपी के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू ने विपक्ष की उम्मीदों और सियासी चर्चाओं को विराम देते हुए स्पष्ट कर दिया कि हम कहीं नहीं जाएंगे।

नीतीश कुमार ने नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की

एनडीए संसदीय दल की बैठक में नीतीश कुमार ने नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि हमलोग पूरे तौर पर सब दिन इनके साथ रहेंगे। भरोसा है। देश बहुत आगे बढ़ेगा। चंद्रबाबू और नीतीश की कुर्सी मोदी के बगल में लगी थी। दोनों के चेहरे पर उत्साह था। सहजता की झलक थी। उनकी बातों पर सेंट्रल हाल में कई बार तालियां भी बजीं।

नीतीश ने विपक्ष पर भी हमला बोलकर उन चर्चाओं को भी खारिज कर दिया, जिसमें कहा जा रहा था कि वह विपक्ष के साथ भी जा सकते हैं। नीतीश ने कहा कि विपक्षी दलों ने देश के लिए कुछ नहीं किया। कुछ भी हो जाए। अब कहीं नहीं जाएंगे। जो लोग इधर-उधर जीत गए हैं। अगली बार सब हारेंगे।

नीतीश कुमार ने संकेतों में मोदी से आग्रह किया कि…

नीतीश ने सरकार के जल्द गठन का सुझाव देते हुए कहा कि हम चाहते थे कि आप आज ही शपथ लें। किंतु आपने रविवार का दिन तय किया है तो कोई बात नहीं। बिहार लंबे समय से विशेष राज्य के दर्जा का आग्रही रहा है। नीतीश कुमार ने संकेतों में मोदी से आग्रह किया कि दस वर्षों में आपने काफी कुछ किया है। भरोसा है कि अब जो कुछ बचा है उसे भी आप जरूर पूरा कर देंगे। बिहार का तो सब होइए जाएगा।

चंद्रबाबू नायडू ने देश की अर्थव्यवस्था और मोदी की मेहनत की तारीफ करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी के रूप में देश के पास सही नेता है। विजन है। ऊर्जा है। दस वर्षों में देश की आर्थिक स्थिति काफी मजबूत हुई है। विकास की गति जारी रहेगी। आंध्र प्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान मैंने देखा है कि पीएम मोदी ने लगातार प्रचार किया।

तीन महीने में कभी आराम नहीं किया। जिस भावना के साथ प्रचार अभियान को शुरू किया, उसी के साथ खत्म भी किया। जनसभाओं और रैलियों के जरिए आंध्र प्रदेश चुनाव में बहुत बड़ा अंतर पैदा किया।

चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री की इच्छाशक्ति के सहारे ही राजग को प्रचंड जीत मिली

लोजपा (आर) प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री की इच्छाशक्ति के सहारे ही राजग को प्रचंड जीत मिली है। लगातार तीसरी बार जीतना सामान्य बात नहीं है। मोदी जी की वजह से भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बना है। जनता को भरोसा है कि 2047 तक हम विकसित देश बन सकते हैं।

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा प्रमुख जीतनराम मांझी ने मोदी को विश्व का नेता बताया और कहा कि हम पर्वत पुत्र दशरथ मांझी के वंशज हैं। देश के विकास के लिए मोदी के नेतृत्व में देश की उन्नति में योगदान देते रहेंगे।

E-Magazine