मप्र की 4 खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय खेल सम्मान

मप्र की 4 खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय खेल सम्मान

भोपाल, 9 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के खेल जगत के लिए मंगलवार का दिन खास रहा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में मध्य प्रदेश की चार खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया।

राष्ट्रपति ने नई दिल्ली में आयोजित समारोह में मध्यप्रदेश के शूटिंग खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, पैरा-केनोइंग खिलाड़ी प्राची यादव और महिला हॉकी खिलाड़ी सुशीला चानू को अर्जुन पुरस्कार तथा हॉकी प्रशिक्षक शिवेन्द्र सिंह को द्रोणाचार्य पुरस्कार से पुरस्कृत किया।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मध्यप्रदेश के लिये इन पलों को गौरवशाली बताते हुए चारों खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि चारों खिलाड़ियों ने मध्यप्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने पुरस्कृत खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। यह पहला अवसर है जब मध्यप्रदेश के तीन खिलाड़ियों और एक प्रशिक्षक को राष्ट्रीय खेल सम्मान से अलंकृत किया गया।

–आईएएनएस

एसएनपी/एबीएम

E-Magazine