नैनीताल पहुंचे 20 हजार से अधिक सैलानी, यातायात के सभी इंतजाम हुए ध्वस्त

नैनीताल पहुंचे 20 हजार से अधिक सैलानी, यातायात के सभी इंतजाम हुए ध्वस्त

उत्तराखंड और हिमाचल में ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन का चरम और शनिवार को वीकेंड पर पर्यटक वाहनों के दबाव से एक बार फिर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। उत्तराखंड के नैनीताल व कैंची धाम में उमड़ी पर्यटकों की संख्या के आगे सारे इंतजाम ध्वस्त हो गए। सड़कों पर वाहनों का रेला रहा।

20 हजार से अधिक सैलानी नैनीताल पहुंचे

जाम की वजह से गाडि़यां रेंगकर चलती रही। हालांकि नैनीताल में एंट्री प्वाइंट पर ही वाहनों को रोक दिया गया था, मगर जाम का झाम बरकरार रहा। कैंची के लिए शटल सेवा तो चली, फिर भी गाडि़यों के दबाव से अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे हांफ गया। दिनभर में करीब 20 हजार से अधिक सैलानी नैनीताल पहुंचे।

वहीं, हिमाचल में चुनाव खत्म होते ही पर्यटन कारोबार को पंख लग गए हैं। अधिकतर पर्यटक स्थलों पर होटलों में आक्यूपेंसी 100 प्रतिशत है। मनाली में पर्यटकों को शहर के आसपास कमरे नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में शनिवार को बिना बुकिंग के आए पर्यटकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।

शटल वाहनों के लिए लंबा इंतजार

नैनीताल में पुलिस ने सुबह से विशेष यातायात प्लान लागू कर दिया था। भवाली से आने वाले वाहनों के लिए मस्जिद तिराहा, हल्द्वानी से आने वाले वाहनों के लिए रूसी व कालाढूंगी से आने वाले वाहनों को नारायण नगर में रोका गया। जहां से पार्किंग वाले होटलों में एडवांस बुकिंग कराकर आ रहे पर्यटक वाहनों को ही एंट्री दी गई। शेष पर्यटकों को शटल सेवा से शहर तक भेजा गया। इसके बावजूद एंट्री प्वाइंट में जाम की स्थित बन गई।

दो विभागों के अधिकारी एंट्री प्वाइंट पर लगाए

उत्तराखंड में पुलिस के पास मैन पावर की कमी को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर एंट्री प्वाइंट पर शिक्षा व समाज कल्याण विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों की तैनाती की गई। दिन चढ़ते-चढ़ते शहर के पार्किंग स्थल फुल हो गए।

बादलों के साथ हिमाचल में पर्यटकों का डेरा

मनाली शहर से बाहर स्थित होटलों में भी 80 प्रतिशत कमरे बुक हैं। शिमला, कसौली, नारकंडा, कुफरी व अन्य स्थानों पर आक्यूपेंसी 80 से 90 प्रतिशत है। हिमाचल में शनिवार को अधिकतर क्षेत्रों में बादल छाए रहे। रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। सुहावने मौसम का पर्यटक आनंद ले रहे हैं। अन्य दिनों की तुलना में सप्ताहांत पर पर्यटकों की संख्या अधिक है। अन्य दिनों में आक्यूपेंसी 70 प्रतिशत तक रह रही है।

प्रदेश में दिल्ली, चंडीगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों के पर्यटक पहुंच रहे हैं। शिमला, मनाली सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों में यातायात जाम पर्यटकों को परेशान कर रहा है। वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सड़कों की क्षमता और पार्किंग सीमित हैं। ऐसे में वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।

रोहतांग में हिमपात ने यादगार बनाया दिन

कुल्लू, मनाली सहित लाहुल स्पीति का ठंडा मौसम पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। सैलानियों का सामना रोहतांग के माइनस तापमान से हो रहा है। शनिवार को रोहतांग का तापमान माइनस दो डिग्री रहा। रोहतांग दर्रे में दोपहर करीब 11 बजे हल्का हिमपात हुआ। रोहतांग पर्यटकों की पहली पसंद बना है। शनिवार को 10 हजार पर्यटक रोहतांग दर्रा पहुंचे। रोहतांग जाने के लिए 1200 पर्यटक वाहन आनलाइन परमिट बुक करके जा सकते है।

E-Magazine