राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दें मनोज झा : गौरव वल्लभ


नई दिल्ली, 15 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता गौरव वल्लभ ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद मनोज झा पर निशाना साधते हुए उनके लेख के लिए उनकी आलोचना की। दरअसल, मनोज झा ने एक लेख लिखा, जिसे लेकर भाजपा नेताओं ने विरोध किया है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए गौरव वल्लभ ने कहा, “मैं मनोज झा से कहना चाहूंगा कि बिहार को परिवारवाद की राजनीति से स्वतंत्रता चाहिए। अराजकता और भ्रष्टाचार की राजनीति से आजादी चाहिए। बिहार को ऐसे लोगों से छुटकारा चाहिए, जो अपने परिवार की महिलाओं की आजादी को कुचलने का काम करते हैं। जो चारा घोटाला और जमीन के बदले नौकरी के आरोप से घिरे हैं, बिहार को उनसे आजादी चाहिए।”

उन्होंने कहा कि अगर मनोज झा मेरे विचार से सहमत हैं तो तुरंत राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दें। वह उस पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो वंशवाद, परिवारवाद, और भ्रष्टाचार की परिचायक है। वह उस पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो बाबा साहेब के चित्र का अपमान करती है। ऐसा दल देश में एक ही है और वह बिहार का राष्ट्रीय जनता दल है।

इससे पहले, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शहनवाज हुसैन ने भी मनोज झा के उनके आर्टिकल के लिए आलोचना की थी। हुसैन ने कहा कि देश आज दुनिया की चौथी मजबूत अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। हम परमाणु संपन्न पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर मार रहे हैं। मनोज झा पढ़े-लिखे हैं, प्रोफेसर हैं। अब उन्हें किससे आजादी चाहिए?

राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने 11 जून को अपना 78वां जन्मदिन मनाया। इस दौरान हुए समारोह में पार्टी का एक कार्यकर्ता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर लेकर लालू यादव के साथ तस्वीर खिंचवाने आए। तस्वीर लेते समय अंबेडकर की तस्वीर लालू यादव के पैर के पास थी। घटना की वीडियो वायरल होने के बाद लालू यादव और राजद भाजपा के निशाने पर हैं। इसी के बाद मनोज झा ने एक आर्टिकल लिखा है जिसमें वे नए स्वतंत्रता आंदोलन की बात कर रहे हैं। इस आर्टिकल के बाद से वे भी आलोचना का शिकार हो रहे हैं।

–आईएएनएस

पीएके/डीएससी


Show More
Back to top button