गाजियाबाद: साहिबाबाद की टायर रबर फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल विभाग ने पाया काबू


गाजियाबाद, 9 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के साहिबाबाद में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। एक फैक्ट्री में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैल गई और फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

घटना साहिबाबाद के राजेंद्र नगर इलाके में स्थित एक टायर रबर प्रोसेसिंग फैक्ट्री की है। फैक्ट्री में सोमवार सुबह आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

अधिकारियों के मुताबिक, करीब चार दमकल गाड़ियों को आग पर काबू पाने के लिए लगाया गया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। इस घटना में किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है।

दमकलकर्मियों के साथ मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल भी घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे साहिबाबाद फायर स्टेशन को फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही तुरंत दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया, ”जब टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि टायर रबर प्रोसेसिंग यूनिट में आग फैल चुकी थी और पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई थी।”

दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास के इलाकों में फैलने से रोक दी गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

भीषण गर्मी के बीच आग लगने की कई घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले भी गाजियाबाद के कई रिहायशी इलाकों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं।

वहीं, दिल्ली के मालवीय नगर होटल में हुई आगजनी की घटना के बाद गाजियाबाद का अग्निशमन विभाग भी अलर्ट हो गया है। विभाग की तरफ से होटल, रेस्टोरेंट आदि का निरीक्षण किया जा रहा है और खामियों को जल्द से जल्द दूर करने की चेतावनी के साथ ही कई लोगों को नोटिस भी दिया जा रहा है।

–आईएएनएस

एएमटी/वीसी


Show More
Back to top button