वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम पर चल रही फर्जी निवेश स्कीम को लेकर सरकार ने जारी की चेतावनी


नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम पर चल रही फर्जी क्वांटम एआई निवेश स्कीम को लेकर सरकार ने रविवार को चेतावनी जारी की है और कहा है कि न ही केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय इस प्रकार की कोई निवेश योजना या प्लेटफॉर्म नहीं चला रहे हैं।

वित्त मंत्री मंत्री सीतारमण के नाम पर चलाई जा रही है इस क्वांटम एआई निवेश स्कीम में दावा किया जा रहा था कि कोई भी व्यक्ति केवल 22,000 रुपए निवेश करके बिना किसी रिस्क के सरकारी गारंटी के साथ 3 लाख रुपए तक कमा सकता है। इसके पंजीकरण की तारीख 24 मई है।

इस फर्जी स्कीम का पर्दाफाश करते हुए सरकारी एजेंसी पीआईबी की फैक्ट यूनिट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’पर कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम पर जालसाज ‘क्वांटम एआई’ निवेश योजना चला रहे हैं। इन योजनाओं के तहत नागरिकों को 22,000 रुपए के शुरुआती निवेश पर 3,00,000 रुपए की मासिक आय का वादा किया जा रहा है।

पोस्ट में आगे कहा गया कि यह स्कीम पूरी तरह से फर्जी है। केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय के द्वारा ऐसी कोई भी स्कीम नहीं चलाई गई है और चेतावनी दी गई है कि इस तरह की योजनाएं लोगों को धोखा देने और उनसे पैसे हड़पने के लिए बनाई गई हैं।

पोस्ट में कहा कि ऐसे संदिग्ध लिंक या प्लेटफॉर्म से सावधान रहें जिनका उद्देश्य लोगों को धोखा देकर उनके पैसे हड़पना है।

इसके अतिरिक्त, पोस्ट में नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स पर प्रसारित हो रहे संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही अविश्वसनीय प्लेटफॉर्म पर अपनी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी साझा करें।

सरकार ने आगे कहा कि भारत सरकार से संबंधित संदिग्ध सामग्री की सूचना सीधे पीआईबी फैक्ट चेक को व्हाट्सएप के माध्यम से +91 8799711259 पर या आधिकारिक ईमेल पर दी जा सकती है।

–आईएएनएस

एबीएस/


Show More
Back to top button