चुनाव आयोग ने राष्ट्रपति मुर्मु को सौंपी नवनिर्वाचित लोकसभा सांसदों की लिस्ट

चुनाव आयोग ने राष्ट्रपति मुर्मु को सौंपी नवनिर्वाचित लोकसभा सांसदों की लिस्ट

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार, चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने 18वीं लोकसभा के गठन की प्रक्रिया शुरू करने के लिए नव निर्वाचित सदस्यों की सूची राष्ट्रपति को सौंपी। अब राष्ट्रपति नई सरकार के गठन की औपचारिक प्रक्रिया शुरू करेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मु ने चुनावी प्रक्रिया की सफलता पर मुख्य चुनाव आयुक्त को बधाई दी। मतदान के प्रबंधन में शामिल आयोग, उसके अधिकारियों और कर्मचारियों व अन्य अधिकारियों के प्रयासों की राष्ट्रपति ने सराहना की।

राष्ट्रपति ने सुरक्षा कर्मियों के प्रयासों की प्रशंसा की

उन्होंने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में पुलिस और सुरक्षा कर्मियों के प्रयासों की भी प्रशंसा की। राष्ट्रपति मुर्मु ने बड़ी संख्या में चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने वाले लाखों मतदाताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह हमारे संविधान और भारत की गहरी और अटल लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप है।

मौजूदा लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा

गौरतलब है कि राष्ट्रपति मुर्मु ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल की सलाह पर बुधवार को 17वीं लोकसभा भंग कर दी थी। मौजूदा लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा है और उससे पहले नई सरकार का गठन करना होगा।

राजग ने हाल आम चुनावों में बहुमत हासिल किया

भाजपा के नेतृत्व वाले राजग ने हाल ही में संपन्न आम चुनावों में बहुमत हासिल किया है। जहां राजग 543 सदस्यीय लोकसभा में 293 सीटें जीतकर 272 के बहुमत के आंकड़े से ऊपर है, वहीं 240 सीटें जीतने वाली भाजपा 2014 के बाद पहली बार पूर्ण बहुमत से पीछे रह गई है। विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए ने 234 सीटें जीती हैं।

E-Magazine