दिल्ली में धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी का अनुमान, मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली में धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी का अनुमान, मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट

 देशभर में भीषण गर्मी के बीच मॉनसून ने दस्तक दे दी है। भारत के दक्षिणी हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। हालांकि मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी जारी है, लेकिन बीच-बीच में बूंदाबांदी लोगों को प्रचंड गर्मी से थोड़ी राहत दे रही है।

वहीं दिल्ली में भी शनिवार को आकाश में आंशिक बादल छाए रहे। इस वजह से लू से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 जून तक गोवा, कर्नाटक, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। केरल में 9 जून तक भारी बारिश होने की संभावना है। 9 और 10 जून को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी बारिश होने की उम्मीद है।

कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम? 

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण रविवार को भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। वहीं, मौसम विभाग ने सोमवार से बुधवार तक के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है।

उत्‍तर प्रदेश के लोगों को सताएगी गर्मी 

उत्‍तर प्रदेश के लोगों का गर्मी से बुरा हाल है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों में 9 जून को उष्ण लहर से गंभीर उष्ण लहर चलने की संभावना है। आगरा में आंधी से तापमान में गिरावट आने से हल्की राहत महसूस करने वाले शहरवासियों का रविवार से एक बार फिर गर्मी परेशान करने वाली है। मौसम विभाग ने नौ से 12 जून तक लू का प्रकोप रहने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

पंजाब से लेकर बिहार तक लू का अटैक

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, गांगेय-पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ स्थानों में उष्ण लहर चलने की संभावना है। पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों में उष्ण लहर से गंभीर उष्ण लहर की संभावना है और जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, गांगेय-पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ स्थानों में 10, 11 और 12 जून को उष्ण लहर की संभावना है।

महाराष्ट्र से लेकर केरल तक भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान, तटीय कर्नाटक, दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र और दक्षिणी कोंकण और गोवा में मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। केरल, लक्षद्वीप, मराठवाड़ा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

E-Magazine