अरुणाचल में विकास की राजनीति को मिला स्पष्ट जनादेश, मोदी शाह ने दी बधाई

अरुणाचल में विकास की राजनीति को मिला स्पष्ट जनादेश, मोदी शाह ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत को विकास की राजनीति को मिला स्पष्ट जनादेश करार दिया और कहा कि राज्य के विकास के लिए उनकी पार्टी और भी अधिक उत्साह के साथ काम करती रहेगी। अरुणाचल प्रदेश में भाजपा ने तीसरी बार सत्ता में वापसी की है। मोदी ने एक्स पर पोस्ट में चुनाव में असाधारण मेहनत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राज्यभर में लोगों के बीच गए और उनसे जुड़े।

प्रधानमंत्री ने सिक्किम विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग को भी बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा- ‘मैं आने वाले समय में सिक्किम की प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार के साथ काम करने की आशा करता हूं।’ मोदी ने विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।

राज्य के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अहसान का बदला चुकाया

उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी सिक्किम के विकास और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में हमेशा आगे रहेगी। अरुणाचल के मुख्यमंत्री प्रेमा खांडू ने कहा कि राज्य के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अहसान का बदला चुकाया है। राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जो विकास कराया है, वह प्रदेश में पार्टी की जीत का प्रमुख कारक है।”

‘कांग्रेस आगे कड़ी मेहनत करेगी’

उधर अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में केवल एक सीट मिलने पर कांग्रेस ने रविवार को कहा कि उसे जनादेश स्वीकार है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष नबाम तुकी ने कहा कि पार्टी चुनाव परिणामों से निराश है लेकिन हतोत्साहित नहीं है। कांग्रेस आगे कड़ी मेहनत करेगी और लोगों के अधिकारों के साथ-साथ देश के आदर्शों के लिए भी जिम्मेदारी के साथ लड़ती रहेगी।

‘अटूट विश्वास व्यक्त करने पर मैं आभार व्यक्त करता हूं’

वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘अरुणाचल प्रदेश के हमारे भाई-बहनों द्वारा भाजपा में अटूट विश्वास व्यक्त करने पर मैं आभार व्यक्त करता हूं। यह जीत पूर्वोत्तर के लोगों के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भरोसे और इस क्षेत्र में मोदी सरकार द्वारा लाए गए बदलाव के युग का प्रमाण है। मुख्यमंत्री प्रेमा खांडू, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई। पिछले कई वर्षों से भाजपा ने मोदी सरकार की सभी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।’ 

E-Magazine