मोदी सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित: बी.एल. वर्मा


अंबाला, 9 जून (आईएएनएस)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत मंगलवार को अंबाला में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया और झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री असीम गोयल, मेयर अक्षिता सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने लोगों से अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय आंदोलन है, जिसका उद्देश्य देश को स्वच्छ और स्वस्थ बनाना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की थी। तब से देशभर में स्वच्छता को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ी है और लाखों घरों में शौचालयों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा समय-समय पर प्रधानमंत्री के जन्मदिन, पार्टी स्थापना दिवस और डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती जैसे अवसरों पर भी स्वच्छता अभियान चलाती है, ताकि लोगों में सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

बी.एल. वर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल घर तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि आसपास के क्षेत्रों तक भी इसका विस्तार होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की पर्यावरण संरक्षण संबंधी पहल ‘एक पेड़ मां के नाम’ का भी उल्लेख किया और कहा कि बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं और उन्हें सब्सिडी का लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों और महिलाओं के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता लगातार बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। उनके अनुसार, पिछले 12 वर्षों में देश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं और विरासत के संरक्षण के साथ विकास को भी आगे बढ़ाया गया है।

बी.एल. वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य अपने तीसरे कार्यकाल में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है। उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और युद्ध जैसी परिस्थितियों के बावजूद केंद्र सरकार ने आम जनता पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने दिया।

महंगाई और ईंधन की कीमतों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार ऊर्जा और उर्वरक समेत सभी आवश्यक क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने दावा किया कि अन्य देशों की तुलना में भारत में कीमतों को नियंत्रित रखने का प्रयास किया गया है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महंगाई पर नियंत्रण बनाए रखा जाएगा।

–आईएएनएस

एएमटी/वीसी


Show More
Back to top button