यूपी :आगरा में बड़ी वारदात, मां और बेटे की हत्या के बाद व्यापारी ने की आत्महत्या

यूपी :आगरा में बड़ी वारदात, मां और बेटे की हत्या के बाद व्यापारी ने की आत्महत्या

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में बड़ी घटना सामने आई है। संदिग्ध हालत में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जता रही है। युवक का शव घर में फंदे पर लटका मिला है, जबकि उसका 12 साल का बेटा और मां कमरे में मृत मिली हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एक साथ तीन लाशें घर में ऐसे हाल में मिलीं कि पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस को घटना से संबंधित कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस के अनुसार व्यापारी ने कर्ज के चलते ये आत्मघाती कदम उठाया।

थाना न्यू आगरा के लॉयर्स कॉलोनी का रहने वाला तरुण उर्फ जॉली का पाइप का व्यापार था। बताया गया है कि उसकी पत्नी रजनी खाटू श्याम दर्शन के लिए गई हुई थी। घर में जॉली के अलावा उसकी बुजुर्ग  मां ब्रजेश देवी और 12 साल का बेटा कुशाग्र चौहान था। शनिवार सुबह रोज की तरह जब उसके घर पर नौकरानी काम करने पहुंची तो उसने जॉली का शव फंदे पर लटका देखा। ये देख नौकरानी चीखती हुई कमरे  की ओर दौड़ी तो वहां 12 वर्षीय कुशाग्र और बुजुर्ग महिला ब्रजेश देवी की लाश पड़ी हुई थी।
नौकरानी का शोर सुन पड़ोसी मौके पर आ गए। सूचना मिलते  ही थाना न्यू आगरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने  घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आशंका  व्यक्त की है कि बुजुर्ग महिला और मासूम को जहर देकर मारा गया, जिसके बाद जॉली ने फंदे पर लटक कर खुद  की भी जान दे दी।
पुलिस को मौके से व्यापारी का मोबाइल मिला, जिसमें एक वीडियो है। इस वीडियो में उसने कहा है कि उसे व्यापार में करीब डेढ़ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। वो कर्ज से परेशान है, इसलिए सबको मार दिया है। जॉली के पिता मान सिंह की कई साल पहले मौत हो गई थी। उसके पिता अधिवक्ता थे।
E-Magazine