टीवी, ओटीटी और फिल्मों को लेकर अर्जुन बिजलानी का बयान, 'ये तीनों अलग क्लासरूम जैसे हैं'

मुंबई, 9 जून (आईएनएस)। मनोरंजन की दुनिया में आज टीवी, ओटीटी और फिल्मों के बीच फर्क को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है। हर प्लेटफॉर्म का अपना अंदाज, अपनी भाषा और अपना दर्शक वर्ग होता है। इसी बीच टीवी अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने इन तीनों माध्यमों को लेकर अपनी सोच साझा की है।
उन्होंने आईएएनएस संग बातचीत में कहा है कि उनके लिए ये तीनों एक-दूसरे के मुकाबले में नहीं हैं, बल्कि अलग-अलग तरह के मंच हैं, जहां कलाकार अपनी कला को अलग तरीके से पेश करता है।
आईएएनएस से बात करते हुए अर्जुन बिजलानी ने कहा, “मैं टीवी, ओटीटी और फिल्मों को किसी प्रतिस्पर्धा के रूप में नहीं देखता। ये तीनों ऐसे हैं, जैसे अलग-अलग क्लासरूम हों, जहां सीखने का विषय एक ही है, यानी एक्टिंग, लेकिन उसे पेश करने का तरीका और उसका असर अलग-अलग होता है।”
उन्होंने कहा, ”टीवी पर कलाकार को धीरे-धीरे अपनी भूमिका को आगे बढ़ाने का समय मिलता है, क्योंकि टीवी शोज लंबे चलते हैं और किरदार को गहराई से दिखाया जा सकता है। फिल्मों में समय सीमित होता है, इसलिए वहां हर सीन को ज्यादा सटीक और प्रभावी तरीके से करना पड़ता है। दूसरी ओर ओटीटी प्लेटफॉर्म कलाकारों को किरदार में ज्यादा परतें जोड़ने और उसे विस्तार से दिखाने का मौका देता है।”
उन्होंने कहा, ”एक अभिनेता के लिए सबसे जरूरी चीज माध्यम नहीं, बल्कि कहानी होती है। अगर कहानी मजबूत हो तो वह किसी भी प्लेटफॉर्म पर सफल हो सकती है, चाहे वह टीवी हो, ओटीटी हो या फिल्में। असली ताकत कहानी में होती है, क्योंकि वही दर्शकों को जोड़ती है और उन्हें भावनात्मक रूप से बांधती है। आज के समय में कंटेंट ही सबसे बड़ा राजा है, न कि प्लेटफॉर्म।”
जब आईएएनएस ने उनसे ओटीटी और फिल्मों में बढ़ते बोल्ड कंटेंट के बारे में सवाल किया, तो उन्होंने कहा, ”टीवी अभी भी पारंपरिक और पारिवारिक मनोरंजन का माध्यम है। टीवी पर कंटेंट को इस तरह बनाया जाता है कि पूरा परिवार साथ बैठकर देख सके। ओटीटी और फिल्में ज्यादा स्वतंत्र होती हैं और वहां अलग-अलग तरह की कहानियां दिखाई जाती हैं। आज के दर्शक काफी समझदार हो गए हैं और उनके पास देखने के लिए बहुत विकल्प मौजूद हैं। अगर कोई व्यक्ति किसी खास तरह का कंटेंट नहीं देखना चाहता तो वह उसे छोड़ सकता है और अपनी पसंद का कंटेंट चुन सकता है।”
अर्जुन बिजलानी के बारे में बात करें, तो उन्होंने करियर में कई लोकप्रिय टीवी शोज में काम किया है। वह ‘रीमिक्स’, ‘लेफ्ट राइट लेफ्ट’, ‘मिले जब हम तुम’, ‘नागिन’ और ‘प्यार का पहला अध्याय: शिव शक्ति’ जैसे शोज का हिस्सा रह चुके हैं। इन शोज के जरिए उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में मजबूत पहचान बनाई है।
–आईएएनएस
पीके/एबीएम