आदिवासियों को बांटने की साजिश कर रहीं कांग्रेस-झामुमो: बाबूलाल मरांडी


रांची, 24 मई (आईएएनएस)। झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा पर आदिवासी समाज को बांटने और तोड़ने की राजनीति करने का आरोप लगाया है।

मरांडी ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 24 मई को दिल्ली में आयोजित आदिवासी समागम का विरोध कर इन दोनों पार्टियों ने अपना आदिवासी विरोधी चेहरा उजागर कर दिया है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरना, सनातन और हिंदू में कोई अंतर नहीं है। बल्कि इन तीनों में गहरी समानता है। ये सभी प्रकृति के उपासक हैं और पेड़, पहाड़, पत्थर, जल व धरती माता की पूजा करते हैं।

उन्होंने विविधताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि जिस तरह सनातन और हिंदू में अनेकों जातियों के समूह और 36 कोटि देवी-देवता हैं, ठीक उसी तरह देश के भीतर जनजातियों की 700 से अधिक और झारखंड में 32-33 जातियां हैं, जिनके अपने-अपने ग्राम देवता हैं। यही विविधता में एकता का समावेश सनातन, हिंदू और सरना की साझा पहचान है।

मरांडी ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो के लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं कि आदिवासियों को हिंदू बनाया जा रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि हिंदू बनाने की कोई परंपरा ही नहीं है। बनाए तो क्रिश्चियन और मुसलमान जाते हैं; सरना, सनातन और हिंदू तो पैदाइशी होते हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस आज भी अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो की नीति पर चल रही है। उन्होंने दावा किया कि देश की आजादी के बाद खुद महात्मा गांधी ने कांग्रेस पार्टी को भंग करने की सलाह दी थी, जिसे कांग्रेस ने पूरी तरह अनसुना कर दिया। अब जब देश से कांग्रेस की विदाई हो रही है तो यह पार्टी समाज को तोड़ने के लिए भाजपा और आरएसएस पर आदिवासियों को हिंदू बनाने का मनगढ़ंत आरोप मढ़ रही है।

बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की राज्य सरकार पर वोट बैंक की राजनीति के लिए आदिवासी परंपराओं और रूढ़िगत व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पेसा (पंचायत एक्सटेंशन टू शेड्यूल्ड एरिया) कानून की नियमावली में बदलाव कर आदिवासियों के मूल अधिकारों को चोट पहुंचाई गई है।

उन्होंने सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहां सुदृढ़ीकरण की आड़ में आदिवासियों को क्रिश्चियन बनाया जा रहा है और कलमा पढ़ाकर मुसलमान बनाया जा रहा है, वहां कांग्रेस और झामुमो मौन साधे रहती हैं। मूल समाज में अलगाव पैदा करने के इस सरकारी षड्यंत्र को सफल नहीं होने दिया जाएगा, क्योंकि अब समाज जागरूक हो चुका है।

–आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी


Show More
Back to top button