राहुल गांधी के 'विदाई' वाले बयान पर संबित पात्रा बोले, यह देश में भ्रम तथा अशांति फैलाने की कोशिश

नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। भाजपा के सांसद संबित पात्रा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘विदाई’ वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया है कि विपक्ष देश में अस्थिरता और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है।
दरअसल कांग्रेस की अल्पसंख्यक सलाहकार समिति की बैठक में राहुल गांधी ने बड़ा दावा करते हुए कहा था कि अगले एक साल में पीएम मोदी की विदाई तय है और बढ़ता आर्थिक असंतोष इसका कारण बनेगा। इस पर संबित पात्रा ने कहा कि भाजपा ने इस बयान को लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ मानसिकता का परिचायक बताया है।
संबित पात्रा ने प्रेस वार्ता में कहा कि यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने इस प्रकार की टिप्पणी की हो। उन्होंने 2019 का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भी राहुल गांधी ने संसद में ऐसा बयान दिया था जिसमें उन्होंने कहा था कि एक समय ऐसा आएगा, जब लोग सड़कों पर उतरकर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन करेंगे।
पात्रा के कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने उस समय भी बेहद शांत और संयमित प्रतिक्रिया दी थी।
भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के हालिया बयान से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि विपक्ष लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बजाय अस्थिरता के जरिए सरकार को गिराने की सोच रखता है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान बिना किसी राजनीतिक मंशा के नहीं दिए जाते और यह देश में भ्रम तथा अशांति फैलाने की कोशिश है।
संबित पात्रा ने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया युद्ध और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रही है, लेकिन भारत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार को 140 करोड़ देशवासियों का समर्थन और विश्वास प्राप्त है तथा सरकार लगातार राष्ट्रहित और जनसेवा के कार्यों में लगी हुई है।
भाजपा ने राहुल गांधी के बयान को गैर जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि भारत का लोकतंत्र और संविधान बेहद मजबूत है और देश की सरकार जनता के जनादेश से चलती है।
–आईएएनएस
एसएके/वीसी