टी20 वर्ल्ड कप में यूएई का प्रतिनिधित्व, बिहार वापस लौटकर शोएब खान ने जताई खुशी


गया, 24 मई (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) के लिए खेल चुके बल्लेबाज शोएब खान रविवार को बिहार वापस लौटे, जहां उनका शानदार स्वागत किया गया। शोएब भारत लौटकर बेहद खुश हैं। शोएब का मानना है कि अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए रोजाना मेहनत करना जरूरी है।

शोएब का जन्म 5 जून 1998 को बिहार के गया में हुआ था। गया लौटने के बाद शोएब ने पत्रकारों से कहा, “मुझे अपने घर लौटकर बहुत खुशी है। मैं वहां लगातार 8 महीने से क्रिकेट शेड्यूल के चलते व्यस्त था। मुझे अपनी जन्मभूमि में लौटकर बेहद अच्छा लग रहा है। यहां लोग मेरा स्वागत करने के लिए पहुंचे हैं। ये मेरे लिए किसी सपने जैसा है।”

युवाओं को संदेश देते हुए शोएब ने कहा, “मैं युवाओं को कहना चाहता हूं कि आपको अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए रोजाना 200 प्रतिशत देना होगा। इसके साथ-साथ आपको पढ़ाई पर भी ध्यान देना चाहिए। भारत में क्रिकेट को लेकर काफी प्रतिस्पर्धा है। ऐसे में एक बैकअप ऑप्शन बहुत जरूरी है। आप अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए रोज लड़ें और मेहनत करें।”

शोएब खान ने अपने संघर्ष को लेकर कहा, “मैंने काफी संघर्ष किया है। यहां क्रिकेट को लेकर इतनी सुविधाएं नहीं थीं। मैं यहां टेनिस क्रिकेट खेला करता था, जिसे खेलकर मुझे प्रोफेशनल क्रिकेट में हाथ आजमाने की प्रेरणा मिली। बिहार में शानदार खिलाड़ी हैं। वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी यहां से निकले हैं।”

बेटे के घर लौटने पर खुशी जताते हुए शोएब खान के पिता अदीब खान ने कहा, “ये बेहद खुशी की बात है कि हमारे क्षेत्र से एक लड़का इस मुकाम तक पहुंचा है। हमारे बहुत सारे लड़के मेहनत कर रहे हैं। शोएब वर्ल्ड कप तक पहुंचे हैं। यहां तक पहुंचना एक बहुत बड़ी बात है। हमने ऐसा नहीं सोचा था कि शोएब एक क्रिकेटर बनेंगे। उन्होंने खुद ही इस खेल को चुना और इसमें अपना नाम कमाया है। मैं चाहता हूं कि सभी माता-पिता को अपने बच्चों को अच्छी डाइट और शिक्षा देनी चाहिए। ये ऊपर वाले की मेहरबानी है कि आज शोएब इस मुकाम तक पहुंचे।”

शोएब खान ने साल 2025 में यूएई के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू किया था। उन्होंने 4 वनडे मुकाबलों में 14 की औसत के साथ 56 रन बनाए हैं, जबकि 8 टी20 मुकाबलों में शोएब 21 की औसत के साथ 147 रन जुटा चुके हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शोएब ने यूएई के सभी चार मैच खेले। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ महज 7 रन बना सके थे, जिसके बाद कनाडा के विरुद्ध 51 रन की पारी खेली। यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका पहला अर्धशतक भी था। इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ शोएब ने 68 रन की पारी खेली। साउथ अफ्रीका के विरुद्ध शोएब ने 6 रन बनाए थे।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button