नोएडा पुलिस ने महिलाओं पर कैंची से हमला करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया


नोएडा, 24 मई (आईएएनएस)। सेक्टर-58 पुलिस ने महिलाओं पर कैंची से हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले कई दिनों से नोएडा के सुनसान इलाकों में महिलाओं को निशाना बना रहा था। उसकी पहचान अंकित वर्मा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 22 मई को सेक्टर-55 रोड पर दो महिलाओं के साथ यह घटना हुई थी। आरोपी स्कूटी पर पीछे से आया और अचानक कैंची से हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाएं घायल हो गईं। पीड़ितों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई और थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस (सीसीटीवी फुटेज) और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान की। लगातार छानबीन के बाद आरोपी को सेक्टर-55/56 रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और कैंची बरामद की गई है।

अंकित वर्मा गाजियाबाद का निवासी है और नोएडा के सेक्टर-62 स्थित एक निजी कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था। वह पिछले 5-6 वर्षों से खोड़ा इलाके में रह रहा था। उसका मूल निवास बिहार में है।

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए कहा, “23 मई को थाना सेक्टर-58 की टीम ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसके बारे में सूचना मिल रही थी कि वह पिछले कई दिनों से सुनसान इलाकों में अकेली जाने वाली महिलाओं और लड़कियों पर पीछे से कैंची से हमला कर रहा था। आरोपी को पकड़ने के लिए थाना सेक्टर-58 की टीम लगातार प्रयास कर रही थी।”

उन्होंने आगे बताया, “आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। वह सेक्टर-62 स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है और पिछले 5-6 वर्षों से खोड़ा में रह रहा है। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। आरोपी के पास से एक कैंची और घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।”

–आईएएनएस

एससीएच/एएस


Show More
Back to top button