नितिन नवीन ने कांग्रेस पर साधा निशाना, एआई इम्पैक्ट समिट में हंगामे को बताया देशविरोधी साजिश


नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस को ‘अर्बन नक्सल्स का गढ़’ बताते हुए भारत एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में कथित हंगामे की कड़ी निंदा की।

नवीन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि यह घटना देश को बदनाम करने की साजिश है और राहुल गांधी की ‘अराजकतावादी नीति’ से कांग्रेस का पतन तय है। नितिन नवीन ने कहा, “आज का दिन देश के लिए और देशवासियों के लिए दुखी करने वाला दिन है। जिन पार्टियों के सिद्धांत नहीं होते, जिनकी नीतियां नहीं होती और जिनका नेतृत्व अराजकतावादी हो जाता है, तभी इस तरह की देशविरोधी सोच सामने आती है। जब पूरा विश्व भारत में हो रहे एआई इम्पैक्ट समिट के आयोजन पर गर्व कर रहा है तो ऐसे अराजकतावादी मानसिकता वाले लोग देश को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं।”

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस में पहले अर्बन नक्सल सोच वाले लोग आते थे, लेकिन अब पूरी पार्टी ही उनका गढ़ बन गई है। नवीन ने कहा, “जिस तरह से एआई समिट में कांग्रेस नेताओं द्वारा हंगामा किया गया और कांग्रेस जिस तरह से उसका समर्थन कर रही है, वह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। राहुल गांधी, जब-जब देश को गर्व का पल मिला है, आपने कुछ ना कुछ करके देश और देशवासियों को दुखी करने का काम किया है।”

भाजपा नेता ने कांग्रेस की मानसिकता को ‘नीचे गिर गई’ बताते हुए कहा कि यह सभी भारतवासियों को शर्मसार कर रही है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से अपील की कि वे राहुल गांधी की अराजकतावादी नीति से दूर रहें, वरना पार्टी का पतन तय है। नवीन ने कहा, “जब देश के युवा और विश्व स्तर के लोग इस महत्वपूर्ण आयोजन में आए हुए हैं, कई देशों के राष्ट्रीय अध्यक्ष यहां आए हुए हैं, उस समय में कांग्रेस नेताओं का ऐसा कुकृत्य उनके नेताओं की सोच को दिखाता है। मैं कांग्रेस के दुर्भाग्यपूर्ण हरकत की बहुत कड़ी भर्त्सना करता हूं।”

–आईएएनएस

एससीएच


Show More
Back to top button